बाराबंकी में कपड़ा व्यापारी ने रिवॉल्वर से खुद को मारी गोली, मामले की जांच में जुटी पुलिस

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ से सटे बाराबंकी शहर में सोमवार सुबह एक कपड़ा व्यापारी ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

किराए के मकान में अकेले थे व्यापारी

मृतक व्यापारी की पहचान नीरज जैन के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सरावगी मोहल्ले के रहने वाले थे और लक्ष्मणपुरी कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहे थे। घटना के वक्त नीरज जैन घर में अकेले थे। गोली चलने की आवाज सुनकर पड़ोसी उनके घर पहुंचे, जहां नीरज खून से लथपथ पड़े मिले।

नीरज जैन मशहूर कल्पना साड़ी सेंटर के मालिक पवन उर्फ डब्बू जैन के छोटे भाई थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नीरज का साड़ी का कारोबार था और वह लंबे समय से आर्थिक तंगी और कर्ज से परेशान चल रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि इसी वजह से उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया।

पुलिस ने शुरू की जांच

कोतवाली नगर इंस्पेक्टर सुधीर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जिस लाइसेंसी रिवॉल्वर से व्यापारी ने खुद को गोली मारी थी, उसे भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है ताकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

Also Read: ‘मायावती बीजेपी के इशारे पर चल रही हैं’, शिवपाल यादव ने किया बिहार चुनाव से यूपी में बदलाव का दावा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.