बिहार चुनाव में सुभासपा की एंट्री, ओम प्रकाश राजभर ने 47 सीटों पर उतारे उम्मीदवार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सहयोगी और एनडीए का हिस्सा सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी करके सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। सुभासपा ने 47 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है, जिसे बिहार में बीजेपी और जेडीयू गठबंधन को सीधी चुनौती के रूप में देखा जा रहा है।
सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर का यूपी में बीजेपी से गठबंधन है, लेकिन बिहार में उन्होंने एनडीए के सीट शेयरिंग फ़ॉर्मूले को नज़रअंदाज़ करते हुए अपने प्रत्याशी उतार दिए हैं।
बिहार अध्यक्ष को मिला टिकट
सुभासपा ने जिन 47 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की है, उनमें सुभासपा के बिहार अध्यक्ष का नाम भी शामिल है। औरंगाबाद की ओबरा विधानसभा सीट से सुभासपा बिहार अध्यक्ष उदय नारायण राजभर को टिकट मिला है। इसके अलावा, औरंगाबाद की गोह सीट से गुड्डू राजवंशी और नवीनगर सीट से धर्मेंद्र रजवार को उम्मीदवार बनाया गया है।
सीट बंटवारे से नाराज़ थे राजभर
सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर लंबे समय से यह कह रहे थे कि उनकी पार्टी बिहार में विधानसभा चुनाव लड़ेगी। हालांकि, जब बिहार चुनाव के लिए एनडीए की तरफ़ से सीट शेयरिंग की घोषणा हुई, तो सुभासपा को एक भी सीट नहीं मिली। सीट न मिलने से ओम प्रकाश राजभर और उनके बेटे व पार्टी महासचिव अरविंद राजभर काफ़ी नाराज़ दिखे थे। उन्होंने सार्वजनिक तौर पर यहाँ तक कह दिया था कि जब उपचुनावों में मदद की ज़रूरत थी, तो बिहार बीजेपी अध्यक्ष दिलीप जायसवाल मदद की गुहार लगा रहे थे।
Also Read: ‘भाजपा बजट साफ़ कर रही, नदी नहीं’, लखनऊ में अखिलेश यादव का योगी सरकार पर बड़ा हमला

