Azamgarh News: अंतर्जनपदीय पशु तस्कर मुठभेड़ में घायल, 6 गंभीर मुकदमों में था वांछित

Azamgarh News: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में अपराध और अपराधियों के ख़िलाफ़ जारी अभियान में पुलिस को एक बड़ी सफ़लता मिली है। गंभीरपुर थाना पुलिस ने गुरुवार देर रात एक मुठभेड़ के दौरान अंतर्जनपदीय पशु तस्कर को गिरफ़्तार किया है। मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया और बाद में ज़िला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

आरोपी से तमंचा, बाइक और नकदी बरामद

गिरफ्तार किए गए बदमाश की पहचान सोनू उर्फ मिराज के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके क़ब्ज़े से एक तमंचा, कारतूस, एक बिना नंबर की बाइक और 19,470 रुपये नक़द बरामद किए हैं। ज़िले के एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर अपराधियों और पशु तस्करों के खिलाफ़ लगातार सख़्त कार्रवाई की जा रही है।

एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने इस ऑपरेशन की जानकारी देते हुए बताया कि घायल अभियुक्त सोनू उर्फ मिराज पर आजमगढ़, जौनपुर और मऊ ज़िलों में 6 गंभीर आपराधिक मुक़दमे दर्ज हैं। एसपी सिटी ने बताया कि चेकिंग के दौरान जब पुलिस ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, तो उसने ख़ुद को घिरता देख पुलिस पर फ़ायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में कंट्रोल फ़ायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। उन्होंने कहा कि आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और उसके नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

Also Read: गुजरात में मंत्रिमंडल विस्तार: हर्ष संघवी बने उपमुख्यमंत्री, राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने नए मंत्रियों को दिलाई शपथ

Get real time updates directly on you device, subscribe now.