बलरामपुर: CHC की संवेदनहीनता उजागर, एक घंटे तक तड़पता रहा सड़क हादसे में घायल दरोगा, डॉक्टर नदारद
Sandesh Wahak Digital Desk: बलरामपुर जनपद के श्रीदत्तगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर शनिवार सुबह स्वास्थ्य सेवाओं की गंभीर लापरवाही देखने को मिली। सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल एक उपनिरीक्षक को करीब एक घंटे तक तत्काल उपचार नहीं मिल सका, जबकि इस दौरान वे अस्पताल में लगातार खून बहने से तड़पते रहे।
सीएमओ और एमओआईसी ने नहीं उठाया फोन
जानकारी के अनुसार, उतरौला कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक अनिल यादव शनिवार सुबह पुलिस लाइन जा रहे थे। रास्ते में उनकी मोटरसाइकिल की भिड़ंत एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से हो गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह और कर्मवीर सिंह ने उन्हें तत्काल एंबुलेंस की मदद से श्रीदत्तगंज सीएचसी पहुंचाया।
लेकिन अस्पताल पहुंचने के बाद भी करीब एक घंटे तक कोई चिकित्सक उपचार के लिए नहीं आया। प्रभारी निरीक्षक ने आरोप लगाया कि इस दौरान उन्होंने सीएमओ बलरामपुर और एमओआईसी (प्रभारी चिकित्सा अधिकारी) श्रीदत्तगंज को कई बार फोन किया, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया। अंततः एसडीएम उतरौला को सूचना दिए जाने के बाद सीएमओ ने संपर्क किया और तब कहीं जाकर घायल उपनिरीक्षक को इलाज मिल सका।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
स्थानीय नागरिकों रामनरेश यादव, राजेश तिवारी, श्याम बाबू और फिरोज अहमद ने इस घटना पर कड़ी नाराज़गी जताई। उन्होंने कहा कि अगर समय पर इलाज मिल जाता तो घायल पुलिसकर्मी की स्थिति बेहतर हो सकती थी।
लोगों ने टिप्पणी की कि जब एक पुलिसकर्मी को भी इलाज के लिए इंतजार करना पड़ रहा है, तो आम नागरिकों की स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की इस संवेदनहीनता पर गहरी नाराज़गी जताते हुए दोषी चिकित्सकों और अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Also Read: बहराइच में दिनदहाड़े खूनी खेल: बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने युवक को कुल्हाड़ी से काटा

