सिद्धार्थनगर पुलिस लाइन में भावपूर्ण श्रद्धांजलि, एसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने शहीदों को किया नमन

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के जनपद सिद्धार्थनगर में मंगलवार को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन में अमर शहीद पुलिसकर्मियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ. अभिषेक महाजन के नेतृत्व में पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर बलिदानी जवानों को नमन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत में दो मिनट का मौन रखकर शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। इस अवसर पर एसपी डॉ. महाजन ने कहा कि पुलिसकर्मी कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देकर देश की सेवा में सदैव अग्रणी रहे हैं। उन्होंने ऐसे वीर जवानों की शहादत को देश की “अमूल्य धरोहर” बताया, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।

‘हॉट स्प्रिंग’ की घटना को किया याद

पुलिस स्मृति दिवस कार्यक्रम के दौरान 21 अक्टूबर, 1959 की ऐतिहासिक घटना को याद किया गया। इस दिन लद्दाख के हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में भारत-तिब्बत सीमा पर गश्त के दौरान चीनी सैनिकों के हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के 10 जवान शहीद हो गए थे। इन्हीं वीर जवानों की वीरता और बलिदान की याद में हर वर्ष 21 अक्टूबर को पूरे देश में पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।

एसपी डॉ. महाजन ने इस मौके पर पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश का संदेश भी साझा किया। उन्होंने पिछले एक वर्ष में कर्तव्य पालन के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों के नामों का स्मरण किया और सभी को उनके बलिदान से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद, सीओ सदर विश्वजीत सोरयान, सीओ शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी, प्रतिसार निरीक्षक भूतनाथ गुप्ता सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट : जाकिर खान

 

Also Read: बलरामपुर: घायल दारोगा को एक घंटे तक नहीं मिला इलाज, अब सीएमओ ने डॉक्टर को भेजा नोटिस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.