Lucknow News: बसपा ने अनुशासनहीनता और गुटबाजी के आरोप में वरिष्ठ नेता समसुद्दीन राईन को पार्टी से निकाला
Lucknow News: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने एक बड़ा अनुशासनात्मक कदम उठाते हुए लखनऊ और कानपुर मंडल के प्रभारी समसुद्दीन राईन को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। गुरुवार को पार्टी की तरफ से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में इस फैसले की जानकारी दी गई, जिसने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है।
पार्टी ने बताया कि झाँसी के रहने वाले समसुद्दीन राईन को अनुशासनहीनता अपनाने और पार्टी के भीतर गुटबाजी पैदा करने के कारण उत्तर प्रदेश बसपा अध्यक्ष के आदेश पर निष्कासित किया गया है। पार्टी के पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि समसुद्दीन राईन को अनुशासनहीनता और गुटबाजी के मामलों में पहले भी कई बार चेतावनी दी जा चुकी थी। इसके बावजूद उनकी कार्यशैली में कोई सुधार नहीं आया।
पार्टी ने कहा, उनके कृत्यों से पार्टी और मूवमेंट के हितों को नुकसान पहुँच रहा था। इस गंभीर मामले को बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बहन कुमारी मायावती के संज्ञान में लाया गया, जिसके बाद समसुद्दीन राईन को तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित कर दिया गया।

बसपा ने यह कदम ऐसे समय में उठाया है जब उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में लगभग डेढ़ साल का समय बाकी है। इस बीच, मायावती पहले ही यह साफ कर चुकी हैं कि उनकी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी। बसपा संस्थापक कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस पर एक रैली को संबोधित करते हुए मायावती ने कहा था कि पूर्व में किए गए गठबंधनों से सिर्फ सहयोगी दलों को ही फायदा हुआ है, जबकि बसपा को उनके वोट बैंक का कोई खास सहयोग नहीं मिला। अपने अनुभवों के आधार पर, उन्होंने स्पष्ट कर दिया था कि उत्तर प्रदेश में अब बसपा अकेले ही चुनावी मैदान में उतरेगी।
Also Read: Asia Cup 2025: भारत को ट्रॉफी देने के लिए मोहसिन नकवी कराएंगे सेरेमनी

