इंदौर में ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटरों से छेड़छाड़ पर BCCI का कड़ा रिएक्शन
Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य प्रदेश के इंदौर में गुरुवार सुबह ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटरों के साथ हुई छेड़छाड़ की घटना पर बीसीसीआई ने कड़ा रिएक्शन दिया है।
घटना उस समय हुई जब दो ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटर अपने होटल से कैफे जा रही थीं। सूचना के अनुसार, एक मोटरसाइकिल पर सवार व्यक्ति ने उनका पीछा किया और उनके साथ गलत तरीके से छेड़छाड़ की।
पुलिस ने मामले में आरोपी अकील को गिरफ्तार कर लिया है।

बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने इस घटना को “बेहद खेदजनक और अस्वीकार्य” बताया।
अपने बयान में उन्होंने कहा, “भारत को हमेशा गर्मजोशी, आतिथ्य और सभी मेहमानों के प्रति आदर-सत्कार के लिए जाना जाता रहा है। हम इस घटना की कड़ी निंदा करते हैं। आरोपी को पकड़ने के लिए मध्य प्रदेश पुलिस की कार्यवाही की हम सराहना करते हैं।
पूर्ण न्याय सुनिश्चित करने के लिए कानून अपना काम करेगा। आवश्यकतानुसार सुरक्षा प्रणाली को और मजबूत किया जाएगा ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।”
इसी बीच, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने भी स्टेटमेंट जारी किया और घटना की पुष्टि की। बयान में कहा गया, “मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति ने ऑस्ट्रेलियाई टीम की दो महिला खिलाड़ियों का पीछा किया और उनके साथ अनुचित व्यवहार किया।
यह घटना इंदौर में उस समय हुई जब खिलाड़ी कैफे जा रही थीं। टीम सिक्योरिटी ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी।”
खेल की बात करें तो शनिवार को ऑस्ट्रेलियाई टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 7 विकेट से हराकर सेमीफाइनल से पहले बड़ी जीत दर्ज की।
अब ऑस्ट्रेलिया का सामना 30 अक्टूबर को नवी मुंबई में होने वाले दूसरे सेमीफाइनल में भारत से होगा।

