सोनभद्र: पीड़ित से दुर्व्यवहार का वीडियो वायरल, एसपी ने सिपाही को किया लाइन हाजिर

Sandesh Wahak Digital Desk: सोनभद्र के विंढमगंज थाना क्षेत्र के जोरूखाड़ गाँव में जमीन विवाद के मामले में कार्रवाई करने गए एक सिपाही का अनुचित व्यवहार कैमरे में कैद हो गया। सोशल मीडिया पर सिपाही द्वारा पैर चलाते हुए धमकाने का वीडियो वायरल होने के बाद, पुलिस अधीक्षक ने तत्काल एक्शन लेते हुए आरोपी सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया है।

जमीन विवाद में कुल्हाड़ी से हमला

यह घटना शुक्रवार सुबह की है। जोरूखाड़ गाँव में 45 वर्षीय रामधनी और उनके चचेरे भाई रमेश यादव के बीच पुश्तैनी जमीन के बँटवारे को लेकर कई वर्षों से विवाद चल रहा है। विवाद बढ़ने पर रामधनी ने रमेश पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे रमेश की गर्दन में चोट आई और वह घायल हो गए। रमेश के परिजनों ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सिपाही अभिषेक कुमार और मनधारी यादव मौके पर पहुँचे।

वीडियो वायरल होने पर कार्रवाई

घटनास्थल पर पीड़ित रमेश यादव ने अपने भाई रामधनी पर सख्त कार्रवाई की माँग करते हुए एक सिपाही के पैर पकड़ लिए। इस दौरान जब रमेश के बेटे ने घटना का वीडियो बनाना शुरू किया, तो दूसरे सिपाही अभिषेक कुमार ने उसे पैर से मारने की कोशिश की और धमकाया।

रविवार को सिपाही अभिषेक कुमार का यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो गया, जिससे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने तत्काल संज्ञान लेते हुए दुर्व्यवहार करने वाले सिपाही अभिषेक कुमार को लाइन हाजिर कर दिया है।

थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि कुल्हाड़ी से हमला करने के आरोपित रामधनी को गिरफ्तार कर लिया गया है, और घायल रमेश का मेडिकल कराने के बाद मुकदमा दर्ज किया गया है।

Also Read: Sitapur News: SBI में 5.5 करोड़ का फर्जीवाड़ा, पूर्व ब्रांच मैनेजर सहित 5 पर केस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.