सहारनपुर: सिंचाई विभाग की ज़मीन पर अवैध कब्जा, इंदिरा कॉलोनी के 415 परिवारों को तीन दिन की मोहलत

Sandesh Wahak Digital Desk: मेरठ की सेंट्रल मार्केट जैसी स्थिति अब सहारनपुर के बेहट में देखने को मिल रही है। सिंचाई विभाग ने बेहट कस्बे की इंदिरा कॉलोनी में बड़ी कार्रवाई करते हुए 415 मकानों पर ध्वस्तीकरण का नोटिस चस्पा कर दिया है। विभाग ने इन परिवारों को तीन दिन के भीतर मकान खाली करने का सख्त अल्टीमेटम दिया है, जिसके बाद जेसीबी चलाकर अवैध कब्ज़े वाली ज़मीन खाली कराई जाएगी।

अवैध निर्माण का मामला

सिंचाई विभाग का दावा है कि इंदिरा कॉलोनी की यह बस्ती विभाग की ज़मीन पर अवैध रूप से बसाई गई है, जिसमें 415 परिवार रह रहे हैं। विभाग द्वारा इन परिवारों को पहले भी नोटिस जारी कर भूमि खाली करने को कहा गया था। इस मामले में कॉलोनी के लगभग 70 परिवार सिंचाई विभाग की कार्रवाई के खिलाफ सिविल कोर्ट चले गए थे और उन्हें स्थगन आदेश (स्टे) प्राप्त हो गया था।

सोमवार को मुनादी और निशानदेही

सोमवार को सिंचाई विभाग के अधिकारियों की टीम पुलिस बल के साथ कॉलोनी पहुंची। टीम ने उन 70 परिवारों को छोड़कर, जिन्हें कोर्ट से स्टे मिला है, बाकी सभी मकानों पर लाल क्रॉस के निशान बनाए। इन परिवारों को तीन दिन में भूमि खाली करने का अंतिम अल्टीमेटम दिया गया है। अल्टीमेटम के बाद बलपूर्वक ध्वस्तीकरण कर ज़मीन खाली कराई जाएगी। इसकी मुनादी भी कराई गई है, जिससे कॉलोनी में हड़कंप मच गया है।

Also Read: Bahraich News: कैसरगंज में 48 घंटे के भीतर लूटी गई कार के साथ चार लुटेरे गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.