कफ सीरप तस्करी पर पुलिस का बड़ा प्रहार, नेटवर्क खंगालने के लिए 10 सदस्यीय SIT गठित
सोनभद्र। प्रतिबंधित कफ सीरप (कोडिन) की तस्करी के बड़े सिंडिकेट पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने 10 सदस्यीय स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) का गठन किया है। यह टीम न केवल तस्करों के नेटवर्क को खंगालेगी, बल्कि चिह्नित किए गए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हिमाचल प्रदेश और पश्चिम बंगाल तक दबिश देगी। एसआईटी का गठन सोनभद्र पुलिस द्वारा अब तक सवा नौ करोड़ रुपये कीमत के प्रतिबंधित कफ सीरप की बरामदगी और कई राज्यों से तस्करों की गिरफ्तारी के बाद किया गया है।
एसआईटी की संरचना और ज़िम्मेदारी
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 10 सदस्यीय एसआईटी में एक निरीक्षक, तीन उप निरीक्षक और छह सिपाही शामिल किए गए हैं। गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ में प्रकाश में आए पाँच अन्य लोगों के बारे में पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार करना। प्रतिबंधित कफ सीरप बनाने वाले मुख्य केंद्र हिमाचल प्रदेश का दौरा करना। तस्करों से जुड़े सिंडिकेट की जानकारी के लिए पश्चिम बंगाल जाकर त्वरित कार्रवाई करना। कफ सीरप की खेप कहां-कहां भेजी जाती है, इसका पता लगाना और उससे जुड़े सभी लोगों को चिह्नित करना। एसआईटी के पूरे कार्य की निगरानी की जिम्मेदारी अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार को सौंपी गई है।
वॉट्सऐप कॉल के ज़रिए सिंडिकेट पर शिकंजा
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि तस्करी के लिए वॉट्सऐप कॉल का इस्तेमाल करने वाले गिरोह से जुड़े तस्करों का मोबाइल नेटवर्क सर्विलांस के जरिए खंगाला जा रहा है और उनकी लोकेशन ली जा रही है, ताकि जल्द से जल्द उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके। पुलिस अब मुंबई, हिमाचल, झारखंड, बंगाल, यूपी और बांग्लादेश तक फैले सिंडिकेट से जुड़े लोगों को गिरफ्तार करने पर कार्य करेगी।
अब तक की बड़ी बरामदगी
प्रतिबंधित कफ सीरप पर सोनभद्र पुलिस का शिकंजा लगातार कस रहा है। पिछले दिनों पुलिस द्वारा की गई प्रमुख बरामदगियां।
पहला छापा (18 अक्टूबर): पुलिस लाइन चुर्क तिराहे के पास से दो कंटेनरों से करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये कीमत की एक लाख 20 हज़ार शीशी कोडिन कफ सीरप बरामद की गई थी और तीन आरोपी गिरफ्तार हुए थे।
दूसरा छापा: एसओजी पुलिस ने झारखंड की राजधानी रांची से छापेमारी कर ट्रक से एक लाख 34 हज़ार शीशी कफ सीरप बरामद की, जिसकी कीमत करीब सवा करोड़ रुपये बताई गई। इसके बाद गाजियाबाद से छापेमारी कर भी प्रतिबंधित कफ सीरप बरामद किया गया है।
Also Read: बलरामपुर आत्मदाह केस: दरोगा के खिलाफ चार्जशीट की तैयारी तेज, हाईकोर्ट ने दिखाई सख्ती

