बिहार में चुनाव आधी सीटों पर हुआ, पर फ़ैसला पूरा आ गया है: अखिलेश यादव

Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बाद बड़ा दावा किया है। उन्होंने सोशल मीडिया और चुनावी जनसभा दोनों मंचों से महागठबंधन की जीत और भाजपा-एनडीए पर हमला बोला।

बिहार चुनाव पर निर्णायक दावा

बिहार में पहले चरण का मतदान (18 जिलों की 121 सीटों पर) संपन्न होने के बाद, अखिलेश यादव ने बिहार चुनाव के नतीजों को लेकर अपनी राय ज़ाहिर की। उन्होंने कहा कि “चुनाव आधी सीटों पर हुआ है, लेकिन फ़ैसला पूरा आ गया है। बिहार में महागठबंधन की सरकार बन रही है। ये ‘इंडिया’ की एकजुटता और सकारात्मक राजनीति का नया दौर है।”

दूसरे चरण के प्रचार के लिए पूर्वी चंपारण की मोतिहारी विधानसभा में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि जो माहौल और संदेश जा रहा है, वह यही है कि इस बार नौजवान साथी और नौकरी देने वाला मुख्यमंत्री बनने जा रहा है।

चुनावी दूल्हे वाला तंज़

अखिलेश यादव ने बिहार के ‘चुनावी दूल्हा’ (माना जा रहा है कि उनका इशारा नीतीश कुमार की ओर था) पर तंज़ कसा अब तो उनके जो चुनावी दूल्हा हैं, वह भी जान गए कि वह मुख्यमंत्री नहीं बनने वाले, उनके कोई माला नहीं डालेगा। इसलिए आपने देखा होगा कि अब वो माला दूसरों के गले में डाल रहे हैं।

उन्होंने जनता से तेजस्वी यादव को समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि वह नया बिहार बनाने जा रहे हैं। उन्होंने ‘नए सम्राटों’ पर देश और समाज को बांटने का आरोप लगाया।

उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर हमला

बिहार के साथ-साथ अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भी भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि नोएडा में महिला सुरक्षा का सच सामने आया है। उन्होंने कहा, “जब दिमाग में बुलडोज़र होगा तो क़ानून-व्यवस्था की ड्राइविंग सीट तो खाली रहेगी ही ना।” अखिलेश ने दावा किया कि “भाजपा सरकार का जाना ही विकल्प है।” उनका मानना है कि भाजपा जाए तो पुलिस सुधर जाए, और पुलिस सुधर जाए तो सुरक्षा आ जाए।

Also Read: ‘भूमाफिया होता तो लखनऊ में कोठी होती’, आजम खां का बड़ा बयान, PM के ‘कट्टा वाले बयान’ पर भी तंज़

Get real time updates directly on you device, subscribe now.