आगरा में रिश्वतखोरी पर बड़ा एक्शन, ‘जूते मांगने’ वाले 2 सिपाही सस्पेंड; 9 के खिलाफ जांच के आदेश

Sandesh Wahak Digital Desk: आगरा पुलिस कमिश्नरेट में भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार करते हुए पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने रिश्वत मांगने के आरोप में दो सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इन सिपाहियों ने एक दुकानदार से रिश्वत में चार जोड़ी ब्रांडेड जूते लिए थे। इसके साथ ही, चार दारोगा और पांच सिपाहियों समेत नौ अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी जांच के आदेश दिए गए हैं।

रिश्वत में मांगे जूते

एसीपी कोतवाली कार्यालय में तैनात सिपाही कौशल और विश्वनाथ को एक जूता कारोबारी का बयान दर्ज कर एसीपी को रिपोर्ट सौंपने की जिम्मेदारी दी गई थी। दोनों सिपाहियों ने जांच कारोबारी के पक्ष में करने के लिए रुपये की मांग की। जब व्यापारी ने पैसे न होने की बात कही, तो सिपाहियों ने उससे 4 जोड़ी ब्रांडेड जूते ले लिए। यह पूरी करतूत दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

पीड़ित दुकानदार ने तुरंत पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार के हेल्पलाइन नंबर पर सिपाहियों की शिकायत की और रिकॉर्डिंग एवं सीसीटीवी फुटेज डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास को सौंपे। जांच में दोषी पाए जाने के बाद दोनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया।

अन्य पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई

इसके अलावा, तीन अन्य सिपाहियों को निलंबित किया गया और रिश्वतखोरी से जुड़े नौ अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी जांच के आदेश दिए गए हैं। एसीपी लोहामंडी कार्यालय में तैनात सिपाही प्रतीक कुमार को भी गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई का डर दिखाकर पैसे मांगने के आरोप में सस्पेंड किया गया है। किरावली, एत्मादपुर, लेसर चौकी और सिकंदरा थाने के 4 दारोगा और 5 सिपाही रिश्वत मांगने, जुआरियों को रुपए लेकर छोड़ने और जमानत के लिए पैसे मांगने जैसे मामलों में जांच के घेरे में हैं।

पुलिस कमिश्नर की अपील

पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने कहा कि करप्शन को रोकने के लिए हेल्पलाइन नंबर (7839860813) जारी किया गया है। उन्होंने जनता से अपील की कि अगर कोई पुलिसकर्मी रिश्वत मांगता है, तो वे अपनी शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने बताया कि इस हेल्पलाइन पर रोजाना 100 से ज्यादा शिकायतें आ रही हैं, और शिकायतकर्ता का नाम गुप्त रखा जाएगा।

Also Read: संपूर्ण समाधान दिवस से नगर आयुक्त-अपर आयुक्त गायब, भड़कीं मेयर सुषमा खर्कवाल, दी कड़ी चेतावनी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.