दिल्ली में ब्लास्ट के बाद हाई अलर्ट, अरुण जेटली स्टेडियम में बढ़ाई गई सुरक्षा, रणजी मैच पर मंडराया खतरा

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी दिल्ली सोमवार शाम हुए धमाके से दहशत में आ गई। लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास खड़ी एक कार में हुए शक्तिशाली विस्फोट में कई वाहन जलकर खाक हो गए और कम से कम 11 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

जबकि दो दर्जन से अधिक घायल बताए जा रहे हैं। इस घटना के बाद दिल्ली, मुंबई और उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।

धमाका स्थल लाल किला अरुण जेटली स्टेडियम (फिरोजशाह कोटला) से महज़ कुछ किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। इसी वजह से आज होने वाले दिल्ली बनाम जम्मू-कश्मीर रणजी ट्रॉफी ग्रुप-डी मैच के अंतिम दिन को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने कड़े इंतज़ाम किए हैं।

अरुण जेटली स्टेडियम में सुरक्षा बढ़ाई गई

दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) के सचिव अशोक शर्मा ने जानकारी दी कि,

“दिल्ली और जम्मू-कश्मीर के बीच रणजी ट्रॉफी मैच के अंतिम दिन स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी जाएगी। हमने दिल्ली पुलिस से अतिरिक्त बल तैनात करने का अनुरोध किया है ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न हो।”

धमाके से मचा हड़कंप, कई वाहन जले

दिल्ली पुलिस के मुताबिक यह धमाका लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास पार्क की गई कार में हुआ। धमाके की आवाज कई किलोमीटर तक सुनाई दी। घटनास्थल पर तुरंत पुलिस, दमकल और एनएसजी की टीमें पहुंचीं। फिलहाल इलाके को सील कर दिया गया है और जांच जारी है।

पूरे NCR में सख्त निगरानी

दिल्ली पुलिस ने मेट्रो स्टेशनों, रेलवे स्टेशनों, एयरपोर्ट और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है। वहीं उत्तर प्रदेश और मुंबई में भी खुफिया एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है।

Also Read: ODI में सबसे ज्यादा ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अवॉर्ड जीतने वाले बल्लेबाज, टॉप 5 में दो भारतीय दिग्गज शामिल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.