मोतिहारी में बूथ के अंदर तस्वीर वाली पर्ची बाँटने का आरोप, RJD की शिकायत पर 2 भाजपा पोलिंग एजेंट गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान के बीच, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की शिकायत पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने त्वरित कार्रवाई की है। आरजेडी ने आरोप लगाया था कि मोतिहारी विधानसभा के कुछ बूथों पर भाजपा के पोलिंग एजेंट जानबूझकर मतदाताओं को उम्मीदवारों की तस्वीरें और चुनाव चिन्ह वाली पर्ची दिखा-दिखाकर बाँट रहे हैं, जो आचार संहिता का उल्लंघन है।

RJD ने सोशल मीडिया पर की शिकायत

आरजेडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शिकायत करते हुए लिखा, मोतिहारी विधानसभा के बूथ नंबर 229, 230 में बूथ के अंदर जानबूझकर मतदाताओं को दिखा दिखाकर फोटो और चुनाव चिन्ह वाली पर्ची भाजपा पोलिंग एजेंट द्वारा बांटा जा रहा है! मोतिहारी के सभी बूथों से ऐसी ही शिकायतें प्राप्त हो रही हैं।

Bihar Assembly Elections 2025

चुनाव आयोग का त्वरित एक्शन

शिकायत का संज्ञान लेते हुए, चुनाव आयोग ने तुरंत कार्रवाई की और जानकारी दी कि मामले का संज्ञान लिया गया है, प्राथमिकी दर्ज की गई है और दो गिरफ्तारियां की गई हैं। आरजेडी अपने ‘एक्स’ हैंडल के माध्यम से लगातार चुनावी अनियमितताओं की शिकायतें पोस्ट कर रहा है।

मतदान का हाल

इस बीच, बिहार के 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। निर्वाचन आयोग के आँकड़ों के अनुसार, शुरुआती दो घंटों में (सुबह 9 बजे तक) कुल 14.55 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। गया में 15.97 प्रतिशत और किशनगंज में 15.81 प्रतिशत मतदान हुआ।

Also Read: दिल्ली विस्फोट की जांच में नया खुलासा, फरीदाबाद के सेकेंड-हैंड डीलर से खरीदी गई थी संदिग्ध कार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.