Ballia News: तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाने पर हुई कार्रवाई, बलिया में 17 मस्जिदों के संरक्षक और मौलवियों पर केस दर्ज

Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण और सरकारी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए एक बड़ा अभियान चलाया है। इस अभियान के तहत, पुलिस ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तेज आवाज में लाउडस्पीकर के इस्तेमाल के आरोप में सोमवार को कुल 17 मुकदमे दर्ज किए हैं।

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि इन मुकदमों में मस्जिद के संरक्षक (ट्रस्टी) और मौलवियों को नामजद किया गया है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई उच्चतम न्यायालय और प्रदेश शासन के निर्देशों की अवहेलना करने के आरोप में की गई है।

पुलिस के अनुसार, जिन मस्जिदों पर कार्रवाई की गई है, उनमें से कुछ प्रमुख मामले इस प्रकार हैं। बांसडीह रोड थाना अन्तर्गत गोठहुली मस्जिद के मौलवी मोहम्मद शाहजहां पर उपनिरीक्षक महेंद्र रावत की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। शिकायत में दो बड़े लाउडस्पीकरों का इस्तेमाल होने का ज़िक्र है।

भीमपुरा थानाक्षेत्र के शोधनपुर मस्जिद के संरक्षक मोहम्मद सलीम अंसारी पर उपनिरीक्षक दुर्गेश गौड़ की तहरीर पर केस दर्ज किया गया। शिकायत के मुताबिक, मस्जिद पर तीन लाउडस्पीकर लगे थे और मना करने के बावजूद तेज आवाज में अजान और नमाज अदा की जा रही थी। बलिया शहर कोतवाली के जमुआ मस्जिद के संरक्षक हैदर अली और उमरगंज मस्जिद के संरक्षक गुलाम अरशद के खिलाफ भी अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

इसके अलावा, नगरा, पकड़ी और रेवती थाना क्षेत्रों में भी इसी तरह के नामजद मुकदमे दर्ज हुए हैं। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि मस्जिद से संबंधित सभी लोगों को न्यायालय और प्रदेश शासन के ध्वनि नियंत्रण संबंधी निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी गई है।

Also Read: दिल्ली ब्लास्ट पर अखिलेश यादव का बयान, बोले- ‘एजेंसियों की नाकामी’ की जांच हो

Get real time updates directly on you device, subscribe now.