लखनऊ में ‘जनजाति भागीदारी उत्सव’ का शुभारंभ, 22 राज्यों के कलाकार हुए शामिल

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में बुधवार को ‘जनजाति भागीदारी उत्सव’ का भव्य शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनजाति समाज के गौरव, परंपरा और राष्ट्र की मुख्यधारा में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के महत्व पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उत्सव 1 से 15 नवंबर तक मनाए जा रहे ‘जनजाति गौरव पखवाड़े’ का हिस्सा है।

22 राज्यों का समागम और मुख्य आकर्षण

इस उत्सव में देश के 22 राज्यों के जनजाति समाज के कलाकार अपनी कला और संस्कृति का प्रदर्शन कर रहे हैं। अरुणाचल प्रदेश को पार्टनर राज्य के रूप में शामिल किया गया है। उत्सव में कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम और यात्रा के माध्यम से लोग जुड़ रहे हैं। यहां हस्तशिल्प और कला प्रदर्शनी के साथ ही विभिन्न राज्यों के व्यंजनों का मेला भी लगाया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस उत्सव का माध्यम से हम ‘धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा’ के प्रति सम्मान व्यक्त कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस वर्ष को कई मायनों में महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि यह वर्ष सरदार पटेल की 150वीं जयंती पूरी होने का वर्ष है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के 150 साल पूरे होने का वर्ष है। राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 150वें वर्ष में प्रवेश का वर्ष है। सीएम योगी ने भगवान बिरसा मुंडा को याद करते हुए कहा कि उन्होंने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ स्वाधीनता का अभियान चलाया और ‘देश हमारा है तो राज भी हमारा होना चाहिए’ का मंत्र दिया था।

उत्तर प्रदेश में जनजाति उत्थान

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से यह जनजाति गौरव पखवाड़ा मनाया जा रहा है। उन्होंने यूपी में जनजाति समुदाय के लिए किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया।

पहले सरकारी नौकरियों में जनजाति की सीटें खाली रह जाती थीं, लेकिन अब पुलिस भर्ती में सभी सीटें भरी गई हैं, जिससे उनकी शिक्षा और भागीदारी बढ़ी है। सरकार ने थारू, मुसहर, चेरो, कोल और गौड़ जैसी सभी जनजातियों को सरकारी योजनाओं से आच्छादित करने के लिए अभियान चलाया है, ताकि उन्हें उनका पूरा अधिकार मिल सके।

Also Read: कार लेकर संसद भवन के करीब तक पहुंचा था आतंकी उमर, कनॉट प्लेस का CCTV फुटेज आया सामने

Get real time updates directly on you device, subscribe now.