Sonbhadra Mine Collapse: दर्दनाक हादसे में 2 की मौत, कई मजदूरों के दबे होने की आशंका, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में देर रात बड़ा हादसा हो गया, जहां खदान में पहाड़ी धंसने से दो लोगों की मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आशंका है कि मलबे में अभी भी कई मजदूर दबे हो सकते हैं, जिनकी तलाश के लिए बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है।
रेस्क्यू में जुटी पुलिस–प्रशासन की टीमें
दुर्घटना सोनभद्र के ओबरा थाना क्षेत्र के बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र की रासपहाड़ी स्थित कृष्णा माइनिंग वर्क्स में हुई।
सूचना मिलते ही ओबरा पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और राहत दल मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।

वाराणसी एडीजी जोन ने बताया कि एडीजी पीयूष मोर्डिया ने घटना का तत्काल संज्ञान लिया और खुद मौके पर पहुंचकर अधिकारियों से पूरी जानकारी ली। उन्होंने राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
NDRF और SDRF भी मौके पर
हादसा देर रात हुआ और प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लगभग 15 मजदूरों के फंसे होने की आशंका है।
दो शव बरामद हो चुके हैं। राहत कार्य को गति देने के लिए NDRF और SDRF की टीमों को भी बुलाया गया है, जो रातभर से ही मलबा हटाने और फंसे लोगों को खोजने में लगी हैं।
DM और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर मौजूद
हादसे की खबर मिलते ही जिलाधिकारी बी.एन. सिंह रात में ही मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दबे हुए लोगों को निकालने का प्रयास युद्धस्तर पर जारी है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मिर्जापुर से पहुंचकर ऑपरेशन में जुटी हैं।
स्थानीय विधायक व समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड ने भी घटनास्थल का दौरा किया और कहा कि प्रशासन की सभी टीमें मिलकर पूरी तत्परता से रेस्क्यू में लगी हैं।
स्थिति गंभीर, बचाव कार्य जारी
फिलहाल मलबा भारी मात्रा में है, जिस वजह से बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है, लेकिन टीमें लगातार मशक्कत कर रही हैं। प्रशासन ने कहा है कि हर एक व्यक्ति को सुरक्षित निकालना उनकी पहली प्राथमिकता है।
जैसे-जैसे रेस्क्यू आगे बढ़ता है, मौतों की संख्या बढ़ने की भी आशंका बनी हुई है।

