रामपुर जेल में आजम खान को हुई सांस लेने में तकलीफ, बेटे को मुलाकात से किया मना

Sandesh Wahak Digital Desk: धोखाधड़ी के एक मामले में रामपुर की जेल में बंद समाजवादी पार्टी (सपा) के कद्दावर नेता आजम खां को शुक्रवार को सांस लेने में दिक्कत हुई। जेल प्रशासन ने तत्काल हरकत में आते हुए, चिकित्सक की सलाह पर उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई।

स्वास्थ्य और चिकित्सा सुविधा

सांस लेने में तकलीफ महसूस होने पर आजम खां ने जेल प्रशासन से नेबुलाइजर उपलब्ध कराने की मांग की। जेल अस्पताल के चिकित्सक से परामर्श के बाद, जेलर सुनील कुमार ने जेल नियमों के अनुसार नेबुलाइजर उपलब्ध कराया।

आजम खां की उम्र को देखते हुए जेल प्रशासन ने उन्हें अतिरिक्त कंबल और चादर भी उपलब्ध कराई हैं। उनकी सुरक्षा मांग पर उनका भोजन जेल स्टाफ की मौजूदगी में दिया जा रहा है।

कुर्सी विवाद और मुलाकात से इनकार

सूत्रों के अनुसार, जेल में आजम खां को बैठने के लिए कुर्सी न मिलने पर उनका पारा चढ़ गया। आजम खां ने अपनी सेहत का हवाला देते हुए बैठने के लिए कुर्सी की मांग की थी। जेल प्रशासन ने जेल मैनुअल का हवाला देते हुए कुर्सी देने से इनकार कर दिया। इस बात से नाराज होकर आजम खां ने अपने बेटे और बहन से मुलाकात करने से मना कर दिया। हालांकि, शुक्रवार को उनके और उनके बेटे से किसी ने भी मुलाकात की पर्ची नहीं लगाई थी।

केस और सजा का संदर्भ

आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को यह सजा 2019 में भाजपा नेता और वर्तमान शहर विधायक आकाश सक्सेना द्वारा सिविल लाइंस थाने में दर्ज कराए गए एक केस में मिली है। आरोप था कि अब्दुल्ला आजम ने दो अलग-अलग जन्म प्रमाण पत्रों के आधार पर दो पैनकार्ड बनवाए थे। इस मामले में कोर्ट ने आजम खां और अब्दुल्ला आजम दोनों को सात साल की सजा सुनाई है, जिसके बाद उन्हें रामपुर जेल भेजा गया था।

Also Read: बरेली में सांसद खेल स्पर्धा की तैयारियां शुरू, सांसद छत्रपाल गंगवार ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पर दिया जोर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.