Gorakhpur News: चचेरी बहन की शादी में आई नवविवाहिता की गला रेतकर हत्या, बाथरूम में खून से लथपथ मिली लाश

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में खुशियों का माहौल अचानक मातम में बदल गया। चचेरी बहन की शादी में मायके आई 20 वर्षीय नवविवाहिता शिवानी निषाद की गला रेतकर जघन्य हत्या कर दी गई। शिवानी का खून से लथपथ शव रविवार और सोमवार की दरमियानी रात को उसके घर के बाथरूम में मिला।

यह सनसनीखेज वारदात झंगहा थाना क्षेत्र के जंगल रसूलपुर नंबर-2 गाँव की है, जिसकी सूचना मिलते ही शादी की रस्में रोक दी गईं और मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और डॉग स्क्वॉयड की टीम ने मौके पर पहुँचकर मामले की जाँच शुरू कर दी है। शिवानी निषाद की शादी 6 महीने पहले ही देवरिया के रुद्रपुर थाना क्षेत्र में हुई थी और वह अपने ताऊ की बेटी अमिता की शादी में शामिल होने के लिए शुक्रवार को मायके आई थी।

शिवानी की माँ नोहरा देवी ने बताया कि रविवार रात करीब 2 बजे शिवानी शादी वाले घर (जो उनके घर से 200 मीटर दूर था) से अपने घर चली आई। जब वह काफी देर तक वापस नहीं आई तो माँ उसे तलाशते हुए घर पहुँची। घर पर आवाज देने पर कोई जवाब नहीं मिला। जब नोहरा देवी बाथरूम में गईं, तो वहाँ उन्होंने शिवानी का खून से लथपथ शव देखा, जिसकी गर्दन से खून बह रहा था। बेटी का शव देखते ही माँ चीख पड़ीं और शादी वाले घर से लोग दौड़कर पहुँचे।

स्थानीय लोगों ने बताया कि शिवानी की उंगली कटी हुई थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हत्यारे से खुद को बचाने के लिए उसने संघर्ष किया होगा। बाथरूम में भी खून के निशान बिखरे हुए थे। एसपी नार्थ ज्ञानेंद्रनाथ प्रसाद ने बताया कि भोर में पौने तीन बजे एक लड़के का फोन आया था कि उसकी बहन घायल अवस्था में पड़ी है। मौके पर पहुँची पुलिस टीम ने युवती को अस्पताल भेजा, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Also Read: WhatsApp में आया नया फीचर, अब बिना सुने, पढ़ें वॉयस मैसेज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.