बलरामपुर में पुलिस की छापेमारी, MDM समन्वयक और मदरसा संचालक समेत आधा दर्जन हिरासत में

​मदरसा अनुदान और एमडीएम में गड़बड़ी पर बड़ी कार्रवाई, पचपेड़वा में रात भर चली रेड से हड़कंप

​​Sandesh Wahak Digital Desk: बलरामपुर जिले में मदरसों को मिलने वाले मिड-डे मील (एमडीएम) और अन्य सरकारी अनुदानों में कथित धांधली को लेकर पुलिस ने एक बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। इस मामले में बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय में तैनात एमडीएम के जिला समन्वयक और एक मदरसा संचालक सहित करीब आधा दर्जन लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

​पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई मंगलवार की आधी रात को शुरू हुई। जिले के चार अलग-अलग थाना क्षेत्रों की पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से पचपेड़वा क्षेत्र में ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान पुलिस सबसे पहले पचपेड़वा के बरगदवा सैफ गांव पहुंची, जहां से एमडीएम जिला समन्वयक फिरोज अहमद को उनके आवास से हिरासत में लिया गया। इसके तुरंत बाद, वहीं संचालित पांच मदरसों के संचालक अहमद कादरी को भी पुलिस ने उठा लिया। बताया जाता है कि अहमद कादरी के पिता पचपेड़वा शहर के शहर-ए-काज़ी रह चुके हैं।

पुलिस की रडार पर बीएसए कार्यालय

​बताया जा रहा है कि पुलिस की यह कार्रवाई पूरी रात चली, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और लोग सहम गए। रात भर चले इस ऑपरेशन के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है। फिलहाल, हिरासत में लिए गए सभी आरोपियों को पचपेड़वा थाने में रखा गया है, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही जिले के महाराजगंज तराई थाना क्षेत्र में भी कुछ शिक्षकों हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।

एमडीएम समन्वयक फिरोज अहमद को घर से उठाया

​हालाँकि, पुलिस अभी इस मामले पर आधिकारिक तौर पर कुछ भी विस्तार से बताने से बच रही है। पचपेड़वा थाने के प्रभारी निरीक्षक ओपी सिंह चौहान ने केवल इतना ही स्पष्ट किया है कि कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। यह मामला मदरसों में एमडीएम वितरण और अन्य सरकारी फंड के दुरुपयोग से जुड़ा माना जा रहा है, और पूछताछ के बाद इसमें और भी बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

रिपोर्ट: योगेंद्र त्रिपाठी

 

Also Read: भड़काऊ पोस्ट मामले में नेहा सिंह राठौर की तलाश तेज, लखनऊ पुलिस की दो टीमें दे रहीं दबिश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.