Ghaziabad News: सीएम योगी ने जैन मंदिर का किया उद्घाटन, एक और स्थान का नाम बदलने का किया ऐलान
Ghaziabad News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज गुरुवार को गाजियाबाद में भगवान पार्श्वनाथ के मंदिर का उद्घाटन किया और एक नई मूर्ति की स्थापना की। इस अवसर पर उन्होंने उत्तर प्रदेश को जैन धर्म की एक महत्वपूर्ण भूमि बताते हुए कई रोचक तथ्य साझा किए।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा, भगवान महावीर का जन्म वैशाली में हुआ था, लेकिन उन्होंने अपना महापरिनिर्वाण (अंतिम समय) उत्तर प्रदेश के कुशीनगर के पावा नगर में लिया। मुझे यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि हमारी सरकार ने उस पावा नगर के नामकरण को फिर से स्थापित करने का काम आगे बढ़ाया है।
उन्होंने याद दिलाया कि उत्तर प्रदेश जैन धर्म के लिए कितना महत्वपूर्ण है। हमारा प्रदेश धन्य है कि यहाँ पहले जैन तीर्थंकर भगवान ऋषभदेव सहित अयोध्या में चार तीर्थंकरों ने जन्म लिया। काशी, जो दुनिया की आध्यात्मिक राजधानी है, वहाँ भी चार तीर्थंकर अवतरित हुए। पिछले दिनों मुझे श्रावस्ती जाने का मौका मिला, जहाँ भगवान संभवनाथ जी का जन्म हुआ था।
सीएम योगी ने भारत की आध्यात्मिक परंपरा पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत के ऋषियों, संतों और महापुरुषों के त्याग की गाथा सदियों से पूरी मानवता के लिए प्रेरणा का स्रोत रही है, और आज भी यह परंपरा उसी श्रद्धा के साथ जीवित है।
अपने भाषण के अंत में उन्होंने अयोध्या के राम मंदिर का भी जिक्र किया। सिर्फ तीन दिन पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के हाथों अयोध्या में भव्य राम मंदिर पर भगवा ध्वज फहराया गया। पूरी दुनिया ने भारत की इस सनातन विरासत की शान देखी और महसूस की।
Also Read: लखनऊ में युवा कांग्रेस का वोट चोर गद्दी छोड़ आंदोलन, चुनाव आयोग घेराव के दौरान पुलिस से तीखी झड़प

