‘घरेलू क्रिकेट खेलो, वरना ऐसे ही हारोगे…’, टीम इंडिया के प्रदर्शन से निराश हुए कपिल देव

Sandesh Wahak Digital Desk: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 0-2 से मिली करारी हार ने भारतीय क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है।

पिछले 12 महीनों में यह टीम इंडिया की दूसरी घरेलू टेस्ट सीरीज हार रही है, और दोनों बार क्लीन स्वीप हुआ है। इसे विशेषज्ञ भारत के टेस्ट इतिहास का सबसे कमजोर दौर बता रहे हैं।

इसी हार के बाद भारत के महान ऑलराउंडर और 1983 विश्व कप विजेता कप्तान कपिल देव ने टीम इंडिया की कड़ी आलोचना की है।

कपिल देव का कहना है कि आज के खिलाड़ी घरेलू क्रिकेट से दूर भाग रहे हैं, जिसका सीधा नुकसान टेस्ट मैचों में दिख रहा है।

Kapil Dev

“डोमेस्टिक नहीं खेलोगे तो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संघर्ष करोगे”

कपिल देव ने बातचीत में कहा—

“मैं जानना चाहता हूं कि आज के कितने खिलाड़ी घरेलू क्रिकेट खेल रहे हैं। अगर आप क्वालिटी घरेलू गेंदबाजों का सामना नहीं करेंगे, तो इंटरनेशनल क्रिकेट में टिक नहीं पाएंगे.”

भारत के बल्लेबाज दक्षिण अफ्रीका के स्पिनर साइमन हार्मर की गेंदबाजी के सामने पूरी तरह असफल रहे और हार्मर ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ भी बने।

कपिल देव ने कहा कि भारतीय बल्लेबाजों की स्पिन के खिलाफ कमजोरी उनकी तैयारी पर बड़ा सवाल है।

ईडन गार्डन्स की पिच पर भी कपिल देव की नाराजगी

कोलकाता के ईडन गार्डन्स में पहला टेस्ट महज तीन दिन में खत्म हो गया। इस पर कपिल देव ने कहा कि ऐसी पिचों का कोई फायदा नहीं जहां टॉस हारने का मतलब मैच हारना हो।

उन्होंने कहा—

“ऐसी पिच का क्या फायदा जहां कोई टीम 200 रन भी पार न कर पाए? टेस्ट क्रिकेट में धैर्य और तकनीक की जरूरत होती है। टी20 के दौर में खिलाड़ी मुश्किल विकेटों पर खेलना ही भूल गए हैं।”

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार के बाद वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) 2025-27 की अंक तालिका में भारत पांचवें स्थान पर खिसक गया है।

  • भारत ने इस चक्र में 9 में से सिर्फ 4 टेस्ट जीते हैं।

  • अंक प्रतिशत घटकर 48.15 रह गया है।

शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम अब लंबे समय तक टेस्ट नहीं खेलेगी। टीम इंडिया अगला टेस्ट दौरा अगस्त 2026 में श्रीलंका में खेलेगी, जहां दो मैचों की सीरीज होगी।

मौजूदा WTC चक्र में भारत को अभी 9 टेस्ट और खेलने हैं, जिनमें 4 विदेशों में होंगे।

Also Read: IND vs SA: सीरीज से पहले बढ़ा रोमांच, ओपनिंग के 3 दावेदार, तिलक-पंत में होगी प्लेइंग 11 की बड़ी जंग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.