Lucknow News: चारबाग स्टेशन पर रोडवेज बस ने सड़क पार कर रही महिला को कुचला, 3 बच्चों के सिर से उठा माँ का साया
Lucknow News: लखनऊ के चारबाग स्टेशन के बाहर रविवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। एक रोडवेज बस ने सड़क पार कर रही संगीता रावत (40) नामक महिला को कुचल दिया, जिससे उनका सिर बुरी तरह से पिचक गया और मौके पर ही मौत हो गई।
संगीता रावत अपने पति की मौत के बाद अकेले अपने तीन बच्चों का पालन-पोषण कर रही थीं और कानपुर नगर निगम में चतुर्थ श्रेणी की कर्मचारी थीं। वह उन्नाव से लखनऊ अपनी मौसी के नए घर के प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होने आई थीं और लौटते समय यह हादसा हो गया। मृतका के बड़े बेटे राहुल ने बताया कि वह परिवार के साथ फुट ओवरब्रिज के पास सड़क पार कर रहे थे।
राहुल के अनुसार, परिवार ने हाथ दिखाकर बस (नंबर UP 32 MN 9180) को रोका और सड़क पार करने के लिए रास्ता माँगा। जैसे ही बस रुकी, बड़ा बेटा राहुल आगे बढ़ गया। राहुल के पार होते ही ड्राइवर ने बस तेजी से आगे बढ़ा दी, जिसकी चपेट में संगीता रावत आ गईं और उनकी मौत हो गई। बस की हल्की टक्कर लगने से उनके दो छोटे बच्चों (एक लड़का और एक लड़की) को भी चोटें आईं।
ड्राइवर को पकड़कर सौंपा पुलिस के हवाले
हादसा होते ही आसपास के लोगों ने दौड़कर बस ड्राइवर को पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस ड्राइवर नशे में था और महिला को कुचलने के बाद भागने की कोशिश कर रहा था। लोगों ने ड्राइवर की पिटाई भी की और बाद में पुलिस को बुलाकर उसे सौंप दिया। घायल बच्चों को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ मामूली उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने पंचायतनामा कर शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और टक्कर मारने वाली बस को जब्त करते हुए ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है।

