लखनऊ में BJP का हाई-टेक प्लान: 58,000 वर्गफीट में बनेगा अत्याधुनिक प्रदेश कार्यालय

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय जनता पार्टी (BJP) राजधानी लखनऊ में एक भव्य और अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नया प्रदेश कार्यालय बनाने जा रही है। रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में निर्माण समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें नए भवन के नक्शे और डिजाइन की विस्तृत समीक्षा की गई। जियामऊ क्षेत्र में, मुख्यमंत्री आवास और प्रसिद्ध 1090 चौराहे के बीच स्थित खरीदी गई 58 हजार वर्गफीट भूमि पर यह कार्यालय बनेगा। इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब ₹200 करोड़ की लागत का अनुमान है।

CM योगी के निर्देश: गुणवत्ता और आधुनिकता

नक्शा और डिजाइन नई दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय से तैयार कराया गया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण की गुणवत्ता सर्वोत्तम स्तर की हो और कार्यालय में सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हों। केंद्रीय कार्यालय से अंतिम स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। निर्माण समिति की बैठक में मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित समिति के अन्य सदस्य शामिल हुए।

नए कार्यालय की मुख्य विशेषताएं

नया प्रदेश कार्यालय सिर्फ एक प्रशासनिक केंद्र नहीं होगा, बल्कि संगठनात्मक और डिजिटल कार्यों का हब बनेगा। (पुराना प्रदेश कार्यालय भी यथावत कार्यरत रहेगा।)

सुविधाएं विवरण
क्षमता करीब एक हजार की क्षमता का प्रेक्षागृह (Auditorium) बड़ी बैठकों और कार्यक्रमों के लिए।
बैठक व्यवस्था चार से पांच अत्याधुनिक मीटिंग हॉल।
प्रशासनिक कक्ष प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री संगठन, सभी प्रदेश महामंत्रियों, उपाध्यक्षों, प्रदेश प्रभारी और चुनाव प्रभारियों के लिए अलग-अलग कक्ष।
डिजिटल हब डिजिटल वार रूम, कॉल सेंटर, आईटी सेल और चुनाव प्रबंधन रूम।
अन्य सुविधाएं पुस्तकालय की व्यवस्था, गेस्ट हाउस और बेसमेंट में पर्याप्त पार्किंग सुविधा।

Also Read: संभल में आज से शुरू होगा कल्कि महोत्सव: पहली बार जगतगुरु रामभद्राचार्य सुनाएंगे ‘कल्कि कथा’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.