PM मोदी के हार की हताशा वाले बयान पर संसद में बवाल, प्रियंका सहित कई नेताओं ने बोला हमला

Sandesh Wahak Digital Desk: संसद के शीतकालीन सत्र की शुरुआत से पहले ही राजनीतिक तापमान बढ़ गया है। सोमवार को सदन में प्रवेश से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मीडिया से बातचीत में विपक्ष से संवाद की अपील की, लेकिन इसी दौरान दिए गए एक तंज ने विवाद खड़ा कर दिया। पीएम मोदी ने कहा कि, विपक्ष हार की हताशा से बाहर निकले और संसद में कामकाज होने दे। इस बयान ने विपक्ष को आक्रामक कर दिया और शीतकालीन सत्र की शुरुआत विवादों के बीच हो गई।

“पीएम खुद किस हताशा में हैं”

यहां आरजेडी के राज्यसभा सांसद मनोज झा ने पीएम के बयान को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने पूछा, पीएम खुद किस हताशा में हैं? चुनाव मौलिक मुद्दों पर नहीं लड़कर कट्टा, भैंस, मुजरा जैसी बातों पर चले गए। क्या यह प्राइम मिनिस्टर की गरिमा है? मनोज झा ने कहा कि अगर पीएम विपक्ष को हताश बता रहे हैं, तो पहले उन्हें अपने अंदर झांकना चाहिए।

“मुद्दे उठाना ड्रामा कब से हो गया?”

वहीं केरल के वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका वाड्रा ने भी पीएम मोदी के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, जनता के मुद्दे उठाना ड्रामा कब से हो गया? चुनाव की स्थिति, SIR और पलूशन जैसे बड़े मुद्दे हैं। आखिर संसद किसलिए होती है? प्रियंका ने कहा कि असल ड्रामा तो यह है कि महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा ही नहीं करने दी जाती।

“विश्व गुरु अब मानसिक गुरु भी बन गए”

वहीं कांग्रेस नेता रेणुका चौधरी ने प्रधानमंत्री पर व्यंग्य करते हुए कहा, जो सबसे बड़े ड्रामा मास्टर हैं, वही हमें समझा रहे हैं। हमें तो उनसे सीखना चाहिए कि ड्रामा कैसे किया जाता है? कपड़े बदलकर और कैमरे के ऐंगल बदलकर। उन्होंने आगे कहा कि संसद में SIR का मुद्दा जोरदार तरीके से उठेगा और कांग्रेस किसी भी तरह की हताशा में नहीं है।

SIR को लेकर विपक्ष एकजुट

यहां समाजवादी पार्टी के रामगोपाल यादव, अवधेश कुमार सहित कई नेताओं ने कहा है कि वे संसद में SIR का मुद्दा उठाएंगे। उनका कहना है कि SIR प्रक्रिया में भारी अनियमितताओं और BLO की मौतों पर गंभीर चर्चा जरूरी है। विपक्ष का स्पष्ट बयान है, जब तक SIR पर बात नहीं होती, हम किसी अन्य विषय पर चर्चा नहीं करेंगे।

 

Also Read: संसद में SIR और BLO की मौत का मुद्दा गर्माया, विपक्ष ने किया हंगामा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.