काशी-तमिल संगमम 4.0 का भव्य शुभारंभ आज, CM योगी, राज्यपाल आरएन रवि और धर्मेंद्र प्रधान करेंगे उद्घाटन
Sandesh Wahak Digital Desk: काशी (वाराणसी) और तमिलनाडु के सदियों पुराने सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले ‘काशी-तमिल संगमम 4.0’ का भव्य शुभारंभ आज, मंगलवार शाम चार बजे नमो घाट पर होगा।
इस उद्घाटन समारोह में तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और पुडुचेरी के उपराज्यपाल के. कैलासनाथन मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे।
‘आओ तमिल सीखें’ थीम पर आधारित आयोजन
इस वर्ष का आयोजन ‘तमिल करकलाम’ (तमिल सीखें) की थीम पर केंद्रित है। तमिलनाडु से 1400 से अधिक प्रतिनिधि काशी पहुँच रहे हैं।
उद्देश्य: इस बार आईआईटी मद्रास के विद्या शक्ति पोर्टल की मदद से 650 स्कूलों के 15 हजार बच्चों को तमिल सिखाई जाएगी।
शिक्षक विनिमय: तमिलनाडु से 50 शिक्षक काशी आएंगे, जो यहाँ के विद्यालयों में तमिल भाषा और संस्कृति का परिचय देंगे।
कला संगम: शुभारंभ समारोह के दौरान काशी और तमिलनाडु के पारंपरिक कलाकार संयुक्त प्रस्तुति देंगे, जिसमें भरतनाट्यम और तमिल नृत्य का प्रदर्शन किया जाएगा।
दो चरणों में होगा आयोजन
कमिश्नर एस राजलिंगम ने बताया कि ‘काशी-तमिल संगमम 4.0’ दो चरणों में 31 दिसंबर तक चलेगा।
पहला चरण: 2 से 15 दिसंबर तक काशी में।
दूसरा चरण: 16 से 31 दिसंबर तक चेन्नई में।
डेलीगेट्स का काशी दौरा
सोमवार देर रात तमिलनाडु से अतिथियों की पहली ट्रेन बनारस स्टेशन पहुंची, जहाँ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। डेलीगेट्स सबसे पहले हनुमान घाट पहुंचकर गंगा स्नान करेंगे। वे दक्षिण भारतीय परंपरा से जुड़े मंदिरों में दर्शन-पूजन करेंगे और श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में बाबा विश्वनाथ के दर्शन करेंगे। इसके बाद सभी प्रतिनिधि बीएचयू (BHU) में एकेडमिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे और परिसर का भ्रमण करेंगे।
उद्घाटन कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर दयालु, आईआईटी मद्रास निदेशक प्रो. वी कामकोटि और बीएचयू के कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी भी शामिल रहेंगे।
Also Read: यूपी कैबिनेट की बैठक आज: अयोध्या राम मंदिर संग्रहालय सहित 20 प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर

