UP STF के हत्थे चढ़ा अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह का सदस्य, 13 हजार से ज्यादा बोतलें बरामद

Lucknow News: उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बुधवार रात एक बड़ी कार्रवाई में अंतरराज्यीय शराब तस्करी के एक गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार किया है। शख्स के कब्ज़े से विभिन्न ब्रांड की 13,812 बोतल अवैध विदेशी शराब बरामद हुई है।

गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान सुशील कुमार पुत्र जगदीश राम के रूप में हुई है, जो हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले का निवासी है। एसटीएफ को जानकारी मिली थी कि चंडीगढ़ से अवैध शराब को आलू की बोरियों में छिपाकर बिहार ले जाया जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर एसटीएफ की टीम ने लखनऊ के इटौंजा थाना क्षेत्र के टोल प्लाजा पर एक ट्रक को रोका और तलाशी ली। तलाशी में ट्रक से 13,812 बोतल अवैध शराब बरामद हुईं। पुलिस ने शराब की बोतलों के अलावा ट्रक, नकदी, एक मोबाइल फोन और ड्राइविंग लाइसेंस भी जब्त किया गया।

Illegal Liquor Smuggling

पूछताछ में सुशील कुमार ने बताया कि उसका एक संगठित गिरोह है जो पंजाब और चंडीगढ़ से अवैध शराब मंगाता है। बिहार में शराबबंदी होने के कारण वहां इस शराब की अवैध तस्करी करके आपूर्ति की जाती थी। उसने यह भी बताया कि इस बार का माल चंडीगढ़ निवासी कपिल वर्मा ने लोड कराया था और बिहार पहुंचने पर ही गंतव्य के बारे में पता चलना था।

एसटीएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रदेश के कई जिलों से बिहार को अवैध शराब की तस्करी की सूचनाएं मिल रही थीं, जिसके बाद विशेष कार्रवाई की योजना बनाई गई थी। यह सफल ऑपरेशन एसपी सत्यसेन यादव के नेतृत्व में चलाई जा रही कार्रवाई का हिस्सा है।

Illegal Liquor Smuggling

आरोपी के खिलाफ इटौंजा थाने में आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। अब आगे की कानूनी कार्रवाई स्थानीय पुलिस करेगी। एसटीएफ का मानना है कि इस गिरफ्तारी से अंतर्राज्यीय शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क को एक झटका लगा है और आगे की जांच जारी है।

Also Read: अगर बाबरी की नींव खुदेगी तो ईंट से ईंट बजा देंगे : गोपाल राय

Get real time updates directly on you device, subscribe now.