लखनऊ मेयर ने झुग्गी बस्ती में पहुंचकर की बांग्लादेशी घुसपैठियों की तलाश, अवैध झोपड़ियों पर लटकी तलवार

Lucknow News: राजधानी लखनऊ में मेयर सुषमा खर्कवाल ने गुरुवार को एक बड़ा अभियान चलाते हुए कथित बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों की तलाश शुरू कर दी। वह नगर निगम की टीम के साथ गुडंबा थाना क्षेत्र के फूलबाग कल्याणपुर इलाके की झुग्गी बस्ती में अचानक पहुँच गईं।

सपा पार्षद की जमीन पर मिलीं 80 झोपड़ियाँ

मेयर को मौके पर एक सपा पार्षद के प्लॉट पर अवैध रूप से बनी 80 झोपड़ियाँ मिलीं। ये झोपड़ियाँ गुडंबा के बहादुरपुर शंकरपुरवा प्रथम वार्ड की सपा पार्षद नमिता यादव की ज़मीन पर बनी थीं। नमिता के पति पंकज यादव पूर्व पार्षद हैं। मेयर के पहुंचने की खबर मिलते ही इन झोपड़ियों में रहने वाले पुरुष तुरंत भाग गए, जिससे संदेह और गहरा हो गया।

Lucknow Mayor

कागजात नहीं दिखा पाईं महिलाएं

मेयर ने बताया कि जब वह मौके पर पहुंचीं, तो वहां केवल महिलाएं मिलीं जो अपनी पहचान या नागरिकता से जुड़े कोई भी कागज़ात नहीं दिखा पाईं। इन झुग्गियों के अंदर की स्थिति देखकर मेयर हैरान रह गईं। झोपड़ियों में अवैध तरीके से बिजली के कनेक्शन दिए गए थे, साथ ही टीवी, फ्रिज और कूलर जैसी सुविधाएँ भी मौजूद थीं।

मेयर सुषमा खर्कवाल ने मौके पर पाया कि 80 झुग्गियों में 2 किलोवाट का एक ही कनेक्शन लेकर पूरे इलाके को अवैध रूप से बिजली दी जा रही थी। मेयर ने बिजली विभाग के अधिकारियों को मौके पर फटकार लगाते हुए कहा, आप लोग सिर्फ पैसा कमा रहे हैं। उन्होंने SDO को तुरंत मौके पर सभी अवैध कनेक्शन काटने का निर्देश दिया।

Lucknow Mayor

15 दिन की मोहलत और सख्त चेतावनी

मेयर ने साफ़ तौर पर कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने इन झुग्गियों में रहने वालों को 15 दिन का समय दिया है और स्पष्ट चेतावनी दी है, ये सब बांग्लादेशी हैं। इन्हें हर हाल में शहर छोड़कर जाना पड़ेगा। मेयर ने बताया कि पूछने पर महिलाओं ने खुद को बंप्रेटा गांव का बताया, लेकिन वे अपने ग्राम प्रधान, विधायक या किसी अन्य जनप्रतिनिधि के बारे में कोई जवाब नहीं दे सकीं।

Lucknow Mayor

मेयर के साथ अपर नगर आयुक्त ललित कुमार भी मौजूद थे। मौके से अवैध ढंग से कूड़ा ढुलाई करने वाली करीब 100 ठेली और अवैध तरीके से रखा गया कूड़ा नगर निगम की टीम ने जब्त कर लिया। मेयर ने सख्त निर्देश दिए हैं कि अगर 15 दिनों के भीतर ये झुग्गियाँ खाली नहीं हुईं, तो वह खुद आकर सख्त कार्रवाई करेंगी।

Also Read: UP STF के हत्थे चढ़ा अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह का सदस्य, 13 हजार से ज्यादा बोतलें बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.