IndiGo की लगातार आठवें दिन 180 से अधिक उड़ानें रद्द, सरकार करेगी स्लॉट्स कम, रूट छिनने का खतरा!

Sandesh Wahak Digital Desk: देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो (IndiGo) में आया परिचालन संकट अब भयावह रूप लेता जा रहा है। लगातार आठवें दिन मंगलवार को एयरलाइन को बेंगलुरु, हैदराबाद और दिल्ली एयरपोर्ट से लगभग 180 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जिससे हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रमुख एयरपोर्ट्स पर परिचालन ठप

देश के प्रमुख हवाई अड्डों पर इंडिगो का परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

बेंगलुरु: यहाँ 121 उड़ानें रद्द हुईं (58 आगमन, 63 प्रस्थान)।

हैदराबाद: यहाँ 58 उड़ानें रद्द हुईं (14 आगमन, 44 प्रस्थान)।

दिल्ली (IGI): सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी में भी इंडिगो को अपनी 152 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।

यह बड़े पैमाने पर रद्दीकरण ऐसे समय में हुआ है जब एयरलाइन भारत के कुल घरेलू यातायात का 65% से अधिक संभालती है और रोज़ाना लगभग 2,200 उड़ानें संचालित करती है।

एयरलाइंस की मनमानी और यात्रियों की परेशानी पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने साफ कहा है कि सरकार अब इंडिगो के स्लॉट्स को निश्चित रूप से कम करेगी।

नायडू ने कहा, हम निश्चित रूप से इंडिगो के (विंटर) शेड्यूल में मौजूद कुछ रूट्स को कम करेंगे। इसके लिए आदेश जारी किया जाएगा। यह एयरलाइन के लिए एक प्रकार की सज़ा होगी, क्योंकि उन्हें इन रूट्स पर उड़ानें नहीं चलाने की अनुमति होगी।

उन्होंने आगे स्पष्ट किया कि जो रूट्स इंडिगो के शेड्यूल से हटाए जाएंगे, उन्हें तत्काल अन्य घरेलू एयरलाइंस को दे दिया जाएगा। इंडिगो को ये रूट्स तभी वापस मिलेंगे, जब वह यह साबित कर देगी कि वह उन्हें कुशलता से संचालित करने में सक्षम है।

Also Read: ऑस्ट्रेलिया में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया बैन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.