वैशाली में बस और ऑटो की टक्कर में तीन की मौत, सात लोग गंभीर रूप से घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के वैशाली जिले में मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियाँ छीन लीं। लालगंज–हाजीपुर रोड स्थित धनुषी गांव के पास एक ऑटो-रिक्शा और एक तेज रफ़्तार बस की आमने-सामने की टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
पुलिस के मुताबिक, यह दर्दनाक हादसा करताहाँ थाना क्षेत्र के कंचनपुर धनुषी गांव के पास हाजीपुर के लालगंज एसएच 74 पर हुआ। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि यात्रियों को लेकर जा रहे ऑटो-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और वह पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कुल एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए, जिनमें से सात की हालत गंभीर बनी हुई है।
ग्रामीणों का फूटा आक्रोश, रोड जाम
हादसे की खबर सुनते ही स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने तुरंत हाजीपुर-लालगंज पथ को जाम कर दिया और हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही लालगंज एसडीपीओ गोपाल मंडल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुँचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, आक्रोशित ग्रामीण मृतकों के लिए मुआवजे और अन्य मांगों को लेकर अड़े रहे और सड़क जाम जारी रखा।
स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुँचकर तुरंत घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुँचाया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल रेफर किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान की जा रही है और हादसे के कारणों की जांच जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर लिया है, लेकिन बस चालक मौके से फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
Also Read: कोर्ट ने नागरिकता और वोटर लिस्ट विवाद मामले में सोनिया गांधी और दिल्ली पुलिस को जारी किया नोटिस

