बलरामपुर: सेखुईया कला में अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त, डीएम की सख्ती से प्लाटिंग-माफियाओं में मचा हड़कंप

Sandesh Wahak Digital Desk: बलरामपुर जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन द्वारा विनियमित क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग और अनियमित निर्माण के खिलाफ की जा रही सख्त कार्रवाई का सिलसिला लगातार जारी है। कार्यभार संभालने के बाद से ही डीएम जैन सक्रिय मोड में नजर आ रहे हैं, जिसका असर अब भूमि कारोबार से जुड़े लोगों में देखा जा रहा है। वहीं, प्रशासन की इस मुहिम को आम जनता का व्यापक समर्थन भी मिल रहा है।

बिना नक्शा पास करवाए हो रहे प्लॉटिंग पर गिरी प्रशासन की गाज

ताजा मामला बलरामपुर नगर क्षेत्र से सटे सेखुईया कला गांव का है, जहां गाटा संख्या 816 में डॉ. दीपक कुमार पुत्र अंबिका प्रसाद द्वारा विनियमित क्षेत्र की अनुमति के बिना प्लॉटिंग की जा रही थी। न तो नक्शा पास कराया गया था और न ही निर्धारित मानकों के अनुसार चौड़ी सड़कों एवं व्यवस्थित लेआउट का विकास किया गया था। शिकायत पर जिलाधिकारी ने स्वयं मौके का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण में अनियमितताएं स्पष्ट मिलने पर डीएम ने पूरी अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त करने और जिम्मेदारों के खिलाफ उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय नियोजन एवं भवन संचालन नियमों के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए।

अवैध विकास कार्यों पर अब नहीं चलेगी प्लाटिंग करने वालों की मनमानी

आदेश के अनुपालन में नायब तहसीलदार बलरामपुर सदर, लेखपाल तथा विनियमित क्षेत्र के जूनियर इंजीनियर की टीम मौके पर पहुंची और आरबीओ एक्ट 1958 की धारा 6 के अनुसार कार्रवाई की। इस धारा के तहत बिना पूर्व अनुमति किए गए किसी भी विकास कार्य को अवैध मानते हुए मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हटाया जा सकता है। प्रशासन द्वारा की गई यह कार्रवाई नियम-विरुद्ध प्लॉटिंग रोकने को लेकर गंभीरता का संकेत देती है।

डीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि विनियमित क्षेत्र सहित जिले के किसी भी हिस्से में प्लॉटिंग करने वाले लोग निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन करें। बिना अनुमति और बिना वैध नक्शे के किए गए विकास कार्यों पर आगे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बलरामपुर शहर के बाद अब जिले के अन्य कस्बों—तुलसीपुर, उतरौला, गैसड़ी, पचपेड़वा आदि में भी भूमि कारोबार से जुड़े लोगों की गतिविधियां प्रशासन की निगरानी में रहेंगी। अब देखना यह है कि क्या संबंधित लोग नियमों के अनुरूप कार्य करते हैं या प्रशासन को आगे और कार्रवाई करने की जरूरत पड़ेगी।

रिपोर्ट: योगेंद्र त्रिपाठी

 

Also Read: युवाओं को AI, सेमीकंडक्टर और ग्रीन हाइड्रोजन में तैयार करेंगे: मंत्री कपिल देव अग्रवाल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.