Hamirpur News: सड़क हादसे में माँ की अस्थि विसर्जित करने जा रहे दो सगे भाइयों समेत 4 लोगों की मौत

Hamirpur News: उत्तर प्रदेश में रविवार की सुबह एक बार फिर भीषण सड़क हादसा हुआ है। हमीरपुर जिले में बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर एक बोलेरो और टूरिस्ट बस की जबरदस्त टक्कर में दो सगे भाइयों सहित चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह परिवार घने कोहरे के बीच माँ की अस्थियाँ विसर्जित करने के लिए प्रयागराज जा रहा था।

यह दुखद घटना मौदहा कोतवाली क्षेत्र के इचौली के पास बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर घटी। दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी महोबा जनपद के थाना खन्ना के ग्योड़ी गांव के निवासी थे। जानकारी के मुताबिक, 55 वर्षीय घनश्याम की माँ का निधन हो गया था। रविवार सुबह घनश्याम अपने छोटे भाई 40 वर्षीय रामसहोदर, 65 वर्षीय सिद्धगोपाल और भतीजे सोनू पुत्र प्यारेलाल (35) सहित अन्य लोगों के साथ अस्थि विसर्जन के लिए प्रयागराज जा रहे थे।

मौदहा कोतवाली क्षेत्र के इचौली में पेट्रोल पंप से डीजल भरवाने के बाद जैसे ही उनकी बोलेरो एक्सप्रेस-वे पर आई, पीछे से आ रही आंध्र प्रदेश नंबर की एक टूरिस्ट बस ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए।

मौदहा इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि टक्कर के बाद मौके पर ही दो सगे भाई घनश्याम, रामसहोदर और सिद्धगोपाल की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल घनश्याम के भतीजे सोनू ने इलाज के दौरान बांदा मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया।

हादसे में घायल राधेश्याम पुत्र छोटे लाल को कानपुर रेफर किया गया है, जबकि आशाराम पुत्र अच्छे लाल का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। माना जा रहा है कि यह हादसा घने कोहरे के चलते हुआ। हादसे के बाद यूपीडा (UPIDA) की टीम ने हाईड्रा की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को खींचकर किनारे किया। एक ही परिवार के दो लोगों की मौत से ग्योड़ी गांव में मातम छा गया है।

Also Read: Lucknow News: पैसा खर्च करने में गोंडा ने राजधानी लखनऊ को पछाड़ा, सरकारी रिपोर्ट में हुआ खुलासा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.