पुणे में क्लास के अंदर खौफनाक वारदात, चाकू से गला काट फरार हुआ क्लासमेट

Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र के पुणे जिले से एक हैरान कर देने वाली और डरावनी घटना सामने आई है। पुणे के खेड़ क्षेत्र में सोमवार सुबह एक प्राइवेट क्लास के अंदर पढ़ाई के दौरान एक बच्चे पर जानलेवा हमला कर दिया गया। बाइक से आए बदमाश ने क्लास के भीतर घुसकर बच्चे का गला रेत दिया और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

छात्र पर किया हमला

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमला करने वाला कोई बाहरी व्यक्ति नहीं बल्कि उसी क्लास में पढ़ने वाला छात्र था। जिस समय यह वारदात हुई, उस वक्त टीचर क्लास में पढ़ा रहे थे। अचानक आरोपी छात्र ने चाकू से अपने क्लासमेट के गले पर वार कर दिया। हमले के बाद आरोपी अपनी टू-व्हीलर से फरार हो गया। फिलहाल हमले की वजह साफ नहीं हो पाई है, हालांकि पुलिस को मामला बच्चों के बीच गैंगवॉर से जुड़ा होने की आशंका लग रही है।

छात्र की हालत गंभीर

हमले में गंभीर रूप से घायल बच्चे को खून से लथपथ हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। राजगुरुनगर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और आरोपी की तलाश की जा रही है। क्लास के अंदर इस तरह की हिंसक घटना ने अभिभावकों और आम लोगों को झकझोर कर रख दिया है। इस वारदात के बाद प्राइवेट क्लास में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

 

Also Read: कौशांबी: ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक, 3 युवकों की दर्दनाक मौत, 1 घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.