बीएलओ ड्यूटी के दबाव में एक और शिक्षक की मौत? बरेली में प्रधानाचार्य विनोद कुमार शर्मा का निधन
Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य में बीएलओ ड्यूटी पर तैनात एक और शिक्षक का निधन हो गया है। बिशारतगंज स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय कन्या कंपोजिट के इंचार्ज प्रधानाचार्य विनोद कुमार शर्मा (58 वर्ष) की रविवार रात अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई।
परिजनों ने बताया काम का दबाव
मृतक शिक्षक विनोद कुमार शर्मा बिथरी चैनपुर विधानसभा क्षेत्र के भाग संख्या 261 के बीएलओ थे। परिजनों और पुत्र शिवांश शर्मा का आरोप है कि शिक्षक SIR (मतदाता सूची पुनरीक्षण) के काम के दबाव से बेहद परेशान थे।
परिजनों के अनुसार, रविवार रात खाना खाने के बाद वह सोने गए थे, लेकिन रात करीब 12 बजे उन्हें हार्ट अटैक आया और कुछ ही देर में उनकी सांसें थम गईं। विनोद कुमार शर्मा वर्ष 2027 में सेवानिवृत्त होने वाले थे।
पुत्र शिवांश ने बताया कि पिता ने SIR ड्यूटी कटवाने के लिए खंड शिक्षा अधिकारी (मझगवां) को पत्र भी लिखा था। उन्होंने अपनी अधिक उम्र, आँखों की समस्या और ऑनलाइन काम करने में असमर्थता का हवाला दिया था, लेकिन उनकी ड्यूटी नहीं हटाई गई थी।
साथी शिक्षकों में शोक
इस खबर से साथी शिक्षकों में शोक की लहर दौड़ गई है। यह घटना पहले हुई शिक्षक सर्वेश कुमार गंगवार की मौत के बाद हुई है, जिन्हें ड्यूटी के दौरान ही हार्ट अटैक आया था। इस घटना ने एक बार फिर शिक्षकों पर थोपे गए गैर-शैक्षणिक कार्यों के दबाव और उससे जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Also Read: बहराइच मेडिकल कॉलेज के ऑपरेशन थिएटर में धमाका, ऑटोक्लेव मशीन फटी, बड़ा हादसा टला

