यूपी में सर्दी का सितम: कोहरे में लिपटी राजधानी, कई जिलों में शीत लहर का अलर्ट जारी

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में सर्दी का प्रकोप अपने पूरे चरम पर है। मंगलवार को प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित आसपास के जिलों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए राज्य के 38 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी करते हुए ठंड को लेकर चेतावनी दी है।

कोहरे और गलन में भारी बढ़ोतरी

सोमवार को ठंडी पछुआ हवाएं चलने से प्रदेश में गलन और ठिठुरन बढ़ गई थी।आगरा, बरेली, प्रयागराज और मुरादाबाद में अत्यधिक घने कोहरे के कारण दृश्यता शून्य (Zero Visibility) तक पहुंच गई थी। आगरा में दोपहर तक कोहरे का प्रभाव बना रहा। वाराणसी, अलीगढ़, और इटावा में भी दृश्यता 50 मीटर तक दर्ज की गई।

मंगलवार की शुरुआत भी घने कोहरे के साथ हुई है, जिसके साथ ही गलन और ठिठुरन का एहसास भी जारी है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के अनुसार, ठंड और कोहरे की स्थिति को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है।

ऑरेंज अलर्ट (अत्यधिक घना कोहरा): प्रयागराज, मिर्जापुर, आगरा, इटावा, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और आसपास के इलाकों के लिए।

येलो अलर्ट (घना कोहरा): यूपी के अन्य 38 जिलों के लिए घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट है।

पारे में गिरावट की आशंका

वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि यूपी में हवा का रुख फिर से पछुआ हो गया है, जिससे गलन में इजाफा हुआ है। उन्होंने पूर्वानुमान दिया कि अगले दो दिनों में पछुआ हवा की रफ्तार बढ़ेगी, जिससे पारे में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है, हालांकि हवा की रफ्तार बढ़ने पर कोहरे का असर कुछ कम होने की संभावना है।

घने कोहरे वाले अन्य प्रमुख जिले: कौशांबी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, कानपुर नगर, रायबरेली, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, अमरोहा, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, आदि।

Also Read: यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: 6 बसें जलकर खाक, 6 यात्रियों की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.