मथुरा हादसे के बाद CM योगी का सख्त निर्देश, कोहरे में लाउडस्पीकर से दें चेतावनी

Sandesh Wahak Digital Desk: मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर कोहरे के कारण हुए भीषण हादसे को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के आलाधिकारियों को फील्ड पर अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को एक उच्चस्तरीय बैठक में सीएम ने स्पष्ट किया कि यातायात सुरक्षा और निराश्रितों की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही अक्षम्य होगी।

यातायात सुरक्षा के लिए ‘एक्शन प्लान’

मुख्यमंत्री ने खराब विजिबिलिटी (दृश्यता) के दौरान दुर्घटनाओं को रोकने के लिए निम्नलिखित कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

लाउडस्पीकर से चेतावनी: एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा पर लाउडस्पीकर के माध्यम से चालकों को कोहरे और सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक किया जाए।

इमरजेंसी रिस्पॉन्स: एक्सप्रेसवे और हाईवे पर 24 घंटे एंबुलेंस और क्रेन की उपलब्धता सुनिश्चित हो। ब्लैक स्पॉट्स (दुर्घटना संभावित क्षेत्र) पर अतिरिक्त सतर्कता और टीमें तैनात की जाएं।

रिफ्लेक्टर और लाइट: सड़कों पर प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने और वाहनों के पीछे रिफ्लेक्टर टेप लगवाना अनिवार्य करने को कहा गया है।

ओवरस्पीडिंग पर लगाम: कोहरे के दौरान गति सीमा का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

मानवीय सुरक्षा: ‘कोई भी खुले में न सोए’

ठंड और शीतलहर को देखते हुए मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि किसी भी व्यक्ति को खुले में सोने न दिया जाए, उन्हें तत्काल रैन बसेरों तक पहुंचाया जाए। रैन बसेरों में अलाव, हीटर और पर्याप्त कंबलों की व्यवस्था सुनिश्चित हो। गोशालाओं में भी गोवंश को ठंड से बचाने के लिए उचित प्रबंध किए जाएं।

यात्रियों के लिए सरकारी ‘ट्रैवल गाइडलाइन’

  • वाहन की गति निर्धारित सीमा से कम रखें और फॉग लाइट का प्रयोग करें।
  • हेडलाइट को हमेशा लो-बीम पर रखें और इमरजेंसी इंडिकेटर्स चालू रखें।
  • आगे चल रहे वाहन से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
  • एक्सप्रेसवे पर बार-बार लेन न बदलें और ओवरटेकिंग से बचें।
  • कोहरा बहुत घना होने पर वाहन को सुरक्षित स्थान पर रोक लें, रिस्क न लें।

Also Read: बलरामपुर: आयुष्मान कार्ड बनवाने के बहाने जालसाजों ने बुजुर्ग से हड़प ली 25 लाख की जमीन, तीन गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.