Lucknow News: नवनिर्मित राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल का एके शर्मा ने किया निरीक्षण, दिए दिशा-निर्देश

Lucknow News: लखनऊ के आईआईएम रोड स्थित घैला का वह इलाका, जो कभी कूड़े के पहाड़ और दुर्गंध के लिए जाना जाता था, अब अपनी नई पहचान राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल के रूप में दुनिया के सामने आने को तैयार है। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने आज इस नवनिर्मित स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और शेष बचे कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री शर्मा ने इस बदलाव की कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि साल 2016 तक यह क्षेत्र पूरे शहर का इकलौता डंपिंग ग्राउंड था। वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था न होने के कारण यहाँ 6,33,911 मीट्रिक टन से ज्यादा कचरा जमा हो गया था, जिससे जमीन का पानी और पर्यावरण बुरी तरह प्रदूषित हो रहा था।

AK Sharma Urban Development Minister

सरकार ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत इस पूरे लिगेसी वेस्ट (बरसों पुराने कूड़े) को वैज्ञानिक तरीके से हटाया। आज उसी बंजर और गंदी जमीन पर एक भव्य राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल बनकर खड़ा है, जो पर्यावरण संरक्षण का एक बेहतरीन उदाहरण पेश करता है। एके शर्मा ने अधिकारियों से कहा कि यह सिर्फ एक पार्क या पर्यटन स्थल नहीं है, बल्कि यह हरित विकास और सतत विकास की दिशा में एक बड़ा कदम है।

AK Sharma Urban Development Minister

उन्होंने जोर दिया कि बचे हुए फिनिशिंग कार्यों को गुणवत्ता के साथ तुरंत पूरा किया जाए। इसे आम जनता के लिए इतना आकर्षक और प्रेरणास्पद बनाया जाए कि लोग यहाँ आकर स्वच्छता के महत्व को समझें। घैला मॉडल को अन्य शहरों के लिए भी एक रोल मॉडल के रूप में पेश किया जाए। निरीक्षण के दौरान ग्रीन बेल्ट विकास, सौंदर्यीकरण और भविष्य में इसके रखरखाव की योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री ने स्पष्ट किया कि जिस जगह से लोग पहले नाक दबाकर गुजरते थे, अब वहां लोग गर्व के साथ घूमने आएंगे। इस मौके पर लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, नगर आयुक्त गौरव कुमार और नगर निगम व विकास प्राधिकरण के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Also Read: सिद्धार्थनगर में कांग्रेस का हल्लाबोल, पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ भाजपा कार्यालय पहुंचे कार्यकर्ता, जमकर की नारेबाजी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.