Siddharthnagar News: कस्टडी में युवक ने ब्लेड से रेता अपना गला, पुलिस के हाथ-पांव फूले

Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिला मुख्यालय स्थित सदर थाने से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहाँ पुलिस हिरासत में लिए गए एक युवक ने पूछताछ के दौरान खुद पर ब्लेड से जानलेवा हमला कर लिया। लहूलुहान हालत में युवक को देखकर पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया, जिसके बाद उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।

जानकारी के मुताबिक, घायल युवक का नाम अरशद है, जो सदर थाना क्षेत्र के शिशहनिया मोहल्ले का रहने वाला है। पुलिस ने उसे सिद्धार्थनगर रेलवे स्टेशन के पास से मोटरसाइकिल चोरी की कोशिश के आरोप में पकड़ा था। थाने में पूछताछ चल रही थी, तभी अरशद ने पेशाब करने जाने का बहाना बनाया। वह थाना परिसर की दीवार के पास गया और अपनी जेब से ब्लेड निकालकर अचानक अपनी गर्दन काटने की कोशिश की।

Siddharthnagar Police Station Incident

पुलिस की थ्योरी अलग

इस घटना पर सिद्धार्थनगर के प्रभारी थानाध्यक्ष रामा प्रसाद यादव ने बताया कि मामला सही है। उन्होंने कहा, युवक बाइक चोरी के संदेह में पकड़ा गया था। पूछताछ के दौरान उसने जेब से गुटखा निकालने के बहाने ब्लेड निकाला और खुद को काटना शुरू कर दिया। वह महज 4 दिन पहले ही चोरी के एक मामले में जेल से छूटकर आया है। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है और वह खतरे से बाहर है।

भले ही पुलिस इसे युवक की चालाकी या हताशा बता रही हो, लेकिन कस्टडी में हुई इस घटना ने पुलिस की सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। थाने के अंदर युवक के पास ब्लेड कैसे पहुंचा? क्या पकड़ने के बाद उसकी तलाशी नहीं ली गई थी? स्थानीय लोगों और सूत्रों का कहना है कि पुलिस अक्सर संदिग्धों को हिरासत में लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करती है, जिससे तंग आकर युवक ऐसे खौफनाक कदम उठाने पर मजबूर हो जाते हैं।

Siddharthnagar Police Station Incident

थानेदार छुट्टी पर, चार्ज में रामा प्रसाद

बता दें कि इस समय सिद्धार्थनगर के नियमित थानाध्यक्ष छुट्टी पर हैं और थाने की कमान रामा प्रसाद यादव संभाल रहे हैं। पुलिस का कहना है कि युवक के ठीक होने के बाद उस पर आत्महत्या के प्रयास और चोरी के मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: Lucknow News: क्रिसमस और न्यू ईयर पर देर रात तक चलेगी लखनऊ मेट्रो, जश्न के लिए मिला एक्स्ट्रा समय

Get real time updates directly on you device, subscribe now.