T20 वर्ल्ड कप स्क्वॉड का ऐलान आज, चयन से पहले इन 5 बड़े सवालों पर टिकी नजरें

Sandesh Wahak Digital Desk: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फरवरी 2026 से होगी और उससे पहले आज दोपहर भारतीय टीम का ऐलान किया जाएगा।

मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए 15 सदस्यीय भारतीय स्क्वॉड का खुलासा करेंगे।

माना जा रहा है कि चयन समिति चार बल्लेबाज, दो विकेटकीपर, चार ऑलराउंडर और पांच गेंदबाजों के संतुलन के साथ टीम का चयन कर सकती है। हालांकि, अंतिम टीम के ऐलान से पहले फैंस और क्रिकेट विशेषज्ञों की नजरें पांच अहम मुद्दों पर टिकी हुई हैं।

ICC T20 World Cup 2026

खराब फॉर्म के बावजूद सूर्यकुमार यादव को मिलेगा मौका?

सूर्यकुमार यादव पिछले एक साल से खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं, लेकिन वह टी-20 टीम के कप्तान हैं। भारत में होने वाला यह वर्ल्ड कप उनके लिए कप्तान के तौर पर आखिरी बड़ा मौका माना जा रहा है।

35 साल की उम्र में चयनकर्ता फॉर्म से ज्यादा अनुभव और कप्तानी को प्राथमिकता देते हैं या नहीं, यह बड़ा सवाल बना हुआ है।

शुभमन गिल का चयन कितना सही?

शुभमन गिल का टी-20 बल्लेबाजी अंदाज पारंपरिक माना जाता है। वह पारी की शुरुआत में समय लेते हैं, जिससे रन रेट प्रभावित हो सकता है। पिछले 18 टी-20 मैचों में गिल ने 377 रन बनाए हैं, औसत 25.13 रहा है।

ओपनिंग में उनकी मौजूदगी से संजू सैमसन की भूमिका और टीम कॉम्बिनेशन भी प्रभावित हो सकता है।

क्या यशस्वी जायसवाल फिर होंगे बाहर?

यशस्वी जायसवाल को आक्रामक ओपनर माना जाता है, जो टी-20 फॉर्मेट के लिए मुफीद हैं।

इसके बावजूद शुभमन गिल की मौजूदगी और उन्हें उपकप्तान बनाए जाने की चर्चाओं के चलते जायसवाल का चयन मुश्किल नजर आ रहा है। संभावना है कि उन्हें स्टैंडबाय खिलाड़ियों में रखा जाए।

संजू सैमसन को मिलेगा भरोसा?

संजू सैमसन इस समय रिजर्व ओपनर और विकेटकीपर के तौर पर देखे जा रहे हैं। गिल की मौजूदगी और जितेश शर्मा के विकेटकीपर विकल्प होने के कारण संजू की भूमिका सीमित हो सकती है।

वर्ल्ड कप से पहले कम मैच बचे होने के कारण चयन समिति बड़े बदलाव से बच सकती है।

रिंकू सिंह बनाम वाशिंगटन सुंदर

मिडिल ऑर्डर फिनिशर के तौर पर रिंकू सिंह को भरोसेमंद माना जाता है, लेकिन टीम मैनेजमेंट ऑलराउंडर को प्राथमिकता दे रहा है।

कोच गौतम गंभीर की सोच के चलते वाशिंगटन सुंदर का पलड़ा भारी नजर आता है, भले ही उनका टी-20 रिकॉर्ड बहुत प्रभावशाली न रहा हो।

भारत की संभावित T20 वर्ल्ड कप टीम

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर।

संभावित स्टैंडबाय खिलाड़ी

यशस्वी जायसवाल, रिंकू सिंह, रियान पराग, शाहबाज अहमद/नीतीश कुमार रेड्डी और प्रसिद्ध कृष्णा।

अब सभी की नजरें दोपहर 1:30 बजे होने वाले आधिकारिक ऐलान पर टिकी हैं, जहां इन सवालों से पर्दा उठ सकता है।

Also Read: Hardik Pandya: अहमदाबाद T20 में हार्दिक पंड्या की विस्फोटक पारी, रिकॉर्ड पर सामने आई मिली-जुली प्रतिक्रिया

Get real time updates directly on you device, subscribe now.