Lucknow News: यूपी पुलिस का ऑपरेशन क्लीन, सहारनपुर में 1 लाख का इनामी सिराज और बुलंदशहर में जुबैर एनकाउंटर में ठेर

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ योगी सरकार का जीरो टॉलरेंस अभियान पूरी रफ्तार से जारी है। शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात यूपी पुलिस और एसटीएफ (STF) ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए महज 5 घंटों के भीतर दो कुख्यात बदमाशों को एनकाउंटर में ढेर कर दिया।

सहारनपुर के गंगोह थाना क्षेत्र में एसटीएफ मुख्यालय की टीम और स्थानीय पुलिस ने एक लाख रुपये के इनामी बदमाश सिराज अहमद को मार गिराया। एसटीएफ को खबर मिली थी कि सुल्तानपुर का रहने वाला सिराज पंजाब-हरियाणा बॉर्डर के रास्ते किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने सहारनपुर आया है। घेराबंदी के दौरान सिराज ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

सिराज पर हत्या, हत्या के प्रयास और एनएसए (NSA) जैसे 30 संगीन मुकदमे दर्ज थे। उसके पास से दो पिस्टल, भारी मात्रा में कारतूस, 4 मोबाइल फोन और वाई-फाई डोंगल बरामद हुए हैं।

बुलंदशहर में 50 हजारी जुबैर का खात्मा

इससे महज कुछ घंटे पहले बुलंदशहर में मेरठ के रहने वाले 50 हजार के इनामी बदमाश जुबैर को पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया। कोतवाली देहात पुलिस जसनावली के पास चेकिंग कर रही थी, तभी बाइक सवार जुबैर और उसके साथी ने पुलिस पर गोली चला दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने गोली चलाई, जिसमें जुबैर मारा गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। जुबैर पर लूट, डकैती और गैंगस्टर एक्ट के तहत कई जिलों में मुकदमे दर्ज थे। मौके से एक पिस्टल और बाइक बरामद की गई है।

सहारनपुर के एसपी देहात सागर जैन और बुलंदशहर के एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने इन ऑपरेशन्स की पुष्टि की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार बदमाशों की तलाश जारी है और प्रदेश में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Also Read: Lucknow News: रंजिश में युवक की पीट-पीटकर हत्या, बचाने आई पत्नी को भी लोहे की रॉड से पीटा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.