Sambhal News: ग्राइंडर से किए टुकड़े, अलग-अलग बैग में भरे, UP में एक और मुस्कान!
Sambhal News: उत्तर प्रदेश के संभल जिले के चंदौसी से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की नृशंस हत्या कर दी। हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए शव के टुकड़े किए गए और उन्हें अलग-अलग जगह ठिकाने लगाया गया। इस वारदात के खुलासे के बाद पुलिस भी हैरान रह गई।
नाले में मिली सिरकटी लाश से शुरू हुई जांच
मामले की शुरुआत 15 दिसंबर को हुई, जब पतरौआ रोड पर ईदगाह के पास नाले में एक अज्ञात शव उतराता मिला। शव के सिर और पैर कटे हुए थे और पास में एक बैग भी पड़ा था, जिसमें पॉलीथिन और मांस के टुकड़े मिले। कुत्ते शव को खींच रहे थे, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
वहीं जांच के दौरान पुलिस की नजर शव की बायीं बाजू पर गुदे नाम पर पड़ी, जिस पर ‘राहुल’ लिखा था। इसी आधार पर पुलिस ने पहचान की दिशा में जांच आगे बढ़ाई। पूछताछ और रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि मोहल्ला चुन्नी निवासी रूबी ने एक महीने पहले अपने पति राहुल की गुमशुदगी कोतवाली में दर्ज कराई थी। राहुल 18 नवंबर से लापता था। इसके बाद शव की पहचान राहुल के रूप में हो सकी।

पत्नी से पूछताछ में खुला राज
जब पुलिस ने राहुल की पत्नी रूबी से सख्ती से पूछताछ की तो उसके बयान लगातार बदलते रहे। शक गहराने पर पुलिस ने उससे गहन पूछताछ की, जिसमें एक-एक कर सभी कड़ियां जुड़ती चली गईं। अंततः सामने आया कि राहुल की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी पत्नी रूबी ने अपने प्रेमी गौरव के साथ मिलकर की थी।
पुलिस पूछताछ में रूबी और गौरव ने बताया कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। राहुल को इस रिश्ते पर शक था। 18 नवंबर की रात राहुल ने दोनों को घर में आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इस पर गुस्से में राहुल ने दोनों के साथ मारपीट की और रूबी को मोहल्ले में बेइज्जत करते हुए घर से निकालने की धमकी दी। इसी घटना ने हत्या की साजिश की नींव रख दी।
शव छिपाने के लिए ग्राइंडर का इस्तेमाल
विवाद के बाद रूबी ने गौरव से राहुल को मारने के लिए कहा। इसके बाद गौरव ने लोहे की रॉड से और रूबी ने मूसल से राहुल पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर चोटों के चलते राहुल की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद दोनों ने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई।
अगले दिन राहुल के शव को छिपाने के लिए दोनों ने घंटाघर मार्केट से प्लास्टिक की पन्नी और दो बैग खरीदे। शव के टुकड़े करने के लिए गौरव ने जीतू मिस्त्री से ग्राइंडर किराए पर लिया। इसके बाद ग्राइंडर से राहुल की गर्दन और पैर काट दिए गए ताकि पहचान छिपाई जा सके।

सबूत मिटाने के लिए कपड़े जलाए, 2 गिरफ्तार
हत्या के बाद राहुल के कटे हुए सिर और पैर को एक बैग में भरकर राजघाट पुल से गंगा में फेंक दिया गया। दूसरे बैग में धड़ रखा गया, जिसे पतरौआ रोड पर ईदगाह के पास नाले में फेंक दिया गया। राहुल का मोबाइल फोन भी सबूत मिटाने के लिए गंगा में बहा दिया गया।
शव ठिकाने लगाने के बाद रूबी और गौरव ने राहुल के लोअर और अपने खून से सने कपड़ों को चुन्नी मोहल्ले के पीछे एक सुनसान स्थान पर जला दिया, ताकि पुलिस तक कोई सबूत न पहुंच सके।
लगातार जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया। सोमवार सुबह करीब 6:45 बजे आटा और कैथल गांव मार्ग स्थित सैनिक चौराहे से रूबी और गौरव को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
मेरठ के चर्चित हत्याकांड की आई याद
इस दिल दहला देने वाली घटना के खुलासे के बाद मेरठ का चर्चित मुस्कान हत्याकांड भी लोगों को याद आ गया। वहां प्रेमी की मदद से पति के शव को ड्रम में छिपाया गया था, जबकि चंदौसी में पहचान छिपाने के लिए ग्राइंडर से शव के टुकड़े कर उन्हें अलग-अलग जगह फेंका गया।

