शाहजहांपुर में दिल दहला देने वाला हादसा, ट्रेन की चपेट में आई बाइक, पति-पत्नी समेत 5 की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में बुधवार शाम एक भीषण रेल हादसा हो गया। रोजा जंक्शन के पास एक बिना फाटक वाली क्रॉसिंग को पार करते समय एक बाइक तेज रफ्तार ‘गरीब रथ’ एक्सप्रेस की चपेट में आ गई। इस हृदयविदारक हादसे में बाइक पर सवार एक ही परिवार के चार सदस्यों समेत कुल पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

बाजार से लौटते समय काल बनी ट्रेन

हादसा शाम करीब 6:30 बजे रोजा जंक्शन के पास पावर केबिन के समीप हुआ। जानकारी के अनुसार, थाना निगोही के बिकन्ना गांव निवासी सेठपाल अपनी पत्नी पूजा, दो बच्चों सूर्या (4 वर्ष), निधि (5 वर्ष) और साढ़ू हरिओम के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर ‘बुध बाजार’ से खरीदारी कर लौट रहे थे। रेलवे कर्मचारियों के लिए बनी बिना फाटक वाली क्रॉसिंग को पार करते समय अमृतसर से सहरसा जा रही गरीब रथ (12204) की चपेट में पूरी बाइक आ गई।

500 मीटर तक घिसटती रही बाइक

टक्कर इतनी भीषण थी कि पांचों मृतकों के शरीर के क्षत-विक्षत हिस्से ट्रैक पर फैल गए। बाइक ट्रेन के इंजन में फंसकर करीब 500 मीटर तक घिसटती चली गई। सूचना मिलते ही एसपी राजेश द्विवेदी और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षत-विक्षत शवों को एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

परिवार में मचा कोहराम

मृतकों की पहचान होने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक साथ पांच मौतों की खबर से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस प्रशासन ने एक ही बाइक पर पांच लोगों के सवार होने और मानव रहित या अनधिकृत क्रॉसिंग से पटरी पार करने को लेकर एक बार फिर लोगों को सचेत किया है।

Also Read: कुशीनगर: अनावश्यक रेफर करने वाले डॉक्टरों पर गिरेगी गाज, डीएम ने दिए जांच और कार्रवाई के सख्त निर्देश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.