Sitapur News: पुरानी रंजिश में पिता-पुत्र की सरेआम गोली मारकर हत्या, पुलिस की लापरवाही पर भड़के परिजन
Sitapur News: जिले के इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर पिता और पुत्र की हत्या कर दी। मृतकों की पहचान अख्तर और उनके बेटे मैसर के रूप में हुई है। यह खूनी संघर्ष दो समुदायों के बीच पुरानी रंजिश का नतीजा बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, अख्तर और मैसर पहले एक हत्या के मामले में जेल में बंद थे और कुछ दिन पहले ही जमानत पर बाहर आए थे। गांव में पहले से ही तनाव था, लेकिन शुक्रवार को हमलावरों ने मौका देखकर दोनों पर गोलियां बरसा दीं। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। इस दोहरे हत्याकांड ने पुलिस की सुस्ती की पोल खोल दी है। परिजनों का आरोप है कि वारदात से 24 घंटे पहले भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। अगर पुलिस समय रहते सख्त कदम उठाती, तो आज दो जानें बच सकती थीं। परिजनों का कहना है कि पुलिस ने केवल धारा 151 के तहत मामूली कार्रवाई कर खानापूर्ति की और मामले को हल्के में लिया।
घटना के बाद फतेहपुर गांव छावनी में तब्दील हो गया है। दो समुदायों के बीच मामला होने के कारण तनाव को देखते हुए कई थानों की फोर्स और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं। हालांकि, पुलिस विभाग ने लापरवाही के आरोपों का खंडन किया है और दावा किया है कि आरोपियों की तलाश में टीमें लगा दी गई हैं।
Also Read: Japan में एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, 50 से ज्यादा वाहन आपस में टकराए

