Banda News: आंखों में मिर्च डालकर राइफल लूटने वाला 1 लाख का इनामी बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार
Banda News: पुलिस की गिरफ्त से 13 साल से फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी बदमाश संदीप को बांदा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। यह वही शातिर अपराधी है जिसने साल 2012 में पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर उनकी राइफल लूटी और फरार हो गया था। शुक्रवार रात मटौंध थाना क्षेत्र के भूरागढ़ बाईपास के पास हुई मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी है।
अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति सोना खदान के पास बैठकर शराब पी रहा है और उसके पास हथियार भी है। जब पुलिस टीम ने घेराबंदी की, तो बदमाश ने खुद को घिरा देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। फिलहाल उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
13 साल पुराना वो मिर्ची कांड
पूछताछ में बदमाश की पहचान संदीप (49 वर्ष) के रूप में हुई, जो चित्रकूट के कर्वी का रहने वाला है। 8 अगस्त 2012 को संदीप को पेशी के बाद चित्रकूट से वापस बांदा जेल लाया जा रहा था। रास्ते में उसने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्ची पाउडर झोंक दिया और उनकी सरकारी राइफल लूटकर रफूचक्कर हो गया। इस घटना के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में थी, लेकिन वह नाम बदलकर (पंकज) अलग-अलग जगहों पर छिपकर रह रहा था।
संदीप की गिरफ्तारी न होने पर अपर पुलिस महानिदेशक द्वारा उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इस सफल ऑपरेशन में मटौंध थानाध्यक्ष संदीप कुमार, एसओजी प्रभारी आनंद सिंह और उनकी टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस ने बदमाश के पास से एक तमंचा, कारतूस और कुछ नकदी बरामद की है।
Also Read: बंद कमरे में अंगीठी जलाकर सोना पड़ा महंगा, दम घुटने से दादी और तीन मासूमों की मौत, 5 की हालत गंभीर

