Vijay Hazare Trophy: विराट कोहली को आउट करने वाले गेंदबाज को मिला खास तोहफा

Sandesh Wahak Digital Desk: विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में दिल्ली और गुजरात के बीच खेले गए मुकाबले में गुजरात के युवा बाएं हाथ के स्पिनर विशाल जायसवाल ने ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसका सपना हर घरेलू क्रिकेटर देखता है।

27 वर्षीय ऑलराउंडर विशाल जायसवाल ने स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को आउट कर इस मैच को अपने करियर का सबसे यादगार दिन बना लिया।

जादुई गेंद पर थमे विराट के शतक के कदम

दिल्ली के लिए टूर्नामेंट में अपनी दूसरी पारी खेल रहे विराट कोहली बेहतरीन लय में नजर आ रहे थे। उन्होंने 61 गेंदों पर 77 रनों की शानदार पारी खेली और ऐसा लग रहा था कि वह विजय हजारे ट्रॉफी में लगातार दूसरा शतक जड़ देंगे।

इसी दौरान विशाल जायसवाल की एक शानदार गेंद ने मैच का रुख बदल दिया। कोहली स्पिनर पर बड़ा शॉट खेलने के लिए क्रीज से बाहर निकले, लेकिन गेंद की फ्लाइट और टर्न ने उन्हें चकमा दे दिया।

विराट का बल्ला हवा में ही रह गया और विकेटकीपर ने उन्हें आसानी से स्टंप कर दिया।

Vijay Hazare Trophy

विराट कोहली का विकेट लेते ही विशाल जायसवाल की खुशी देखते ही बन रही थी। मैच खत्म होने के बाद उन्होंने विराट से मुलाकात की और मैच बॉल पर ऑटोग्राफ लिया, साथ ही उनके साथ तस्वीर भी खिंचवाई।

इस पल को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए विशाल ने लिखा,

“वर्ल्ड क्रिकेट में उनका दबदबा देखने से लेकर उनके साथ एक ही मैदान पर खेलने और उनका विकेट लेने तक—यह एक ऐसा पल है, जिसकी मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि यह हकीकत बनेगा। विराट भाई का विकेट लेना ऐसा अनुभव है, जिसे मैं हमेशा संजोकर रखूंगा।”

चार विकेट लेकर बने मैच के हीरो

विशाल जायसवाल के लिए यह मुकाबला बेहद शानदार रहा। उन्होंने अपने 10 ओवर के स्पेल में 42 रन देकर चार अहम विकेट झटके। विराट कोहली के अलावा उन्होंने ऋषभ पंत को क्लीन बोल्ड किया, जबकि अर्पित राणा और नितीश राणा को भी पवेलियन भेजा।

उनकी बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत दिल्ली की टीम 50 ओवर में 254/9 के स्कोर तक ही पहुंच सकी।

जीत से चूकी गुजरात

हालांकि, शानदार प्रदर्शन के बावजूद विशाल जायसवाल अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। गुजरात की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 47.4 ओवर में 247 रन पर ऑलआउट हो गई और मुकाबला 7 रनों से हार गई।

फिर भी, विराट कोहली का विकेट और उनसे मिला खास तोहफा विशाल जायसवाल के लिए इस मैच को हमेशा यादगार बना देगा।

Also Read: Vijay Hazare Trophy: रन मशीन से ‘रिकॉर्ड ब्रेकिंग मशीन’ बने किंग कोहली, लिस्ट-A क्रिकेट में रचा विश्व रिकॉर्ड

Get real time updates directly on you device, subscribe now.