CM योगी ने लॉन्च किया यक्ष ऐप, अपराध पर नकेल कसने के लिए बनेगा UP पुलिस का नया हथियार

Sandesh Wahak Digital Desk: देशभर में लगातार सामने आ रहे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक नई डिजिटल पहल की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यक्ष ऐप यानी Yaksh APP को लॉन्च किया है। इस ऐप का मकसद प्रदेश में अपराधों पर लगाम लगाना, बीट पुलिसिंग को मजबूत करना और अपराध से जुड़ा हर रिकॉर्ड एक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित करना है।

पुराने रजिस्टर सिस्टम की जगह हाईटेक निगरानी

अब तक अपराधियों का डाटा थानों में वर्षों से चली आ रही रजिस्टर प्रणाली के तहत सुरक्षित रखा जाता था। तकनीक के इस दौर में उसी व्यवस्था को आधुनिक रूप देने के लिए यक्ष ऐप को तैयार किया गया है। इस ऐप के जरिए अब अपराधियों की गतिविधियों पर हाईटेक सिस्टम के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी और पूरा डाटा डिजिटल रूप से सुरक्षित किया जाएगा।

यक्ष ऐप के जरिए उत्तर प्रदेश के हर थाने का अपराध डाटा एक ही प्लेटफॉर्म पर जोड़ा जाएगा। इसमें छोटे से लेकर बड़े अपराधियों तक की पूरी जानकारी दर्ज होगी। इससे पुलिस को किसी भी मामले में संदिग्ध या अपराधी की पहचान और उसके रिकॉर्ड तक पहुंचने में आसानी होगी।

अपराधियों की पहचान होगी आसान

इस ऐप को अत्याधुनिक तकनीक से लैस किया गया है। इसमें एआई पावर्ड वॉइस रिकग्निशन, फेस रिकग्निशन, गैंग लिंक एनालिसिस, लोकेशन शिफ्ट अलर्ट, वॉइस एनालिसिस और क्राइम जीपीटी जैसी सुविधाएं शामिल की गई हैं। इन तकनीकों के जरिए अपराधियों की गतिविधियों का विश्लेषण और उनकी ट्रैकिंग पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएगी।

यक्ष ऐप में सभी जरूरी जानकारियां एक साथ उपलब्ध होने के बाद किसी भी अपराध में शामिल अपराधियों के नेटवर्क, उनकी लोकेशन और आपराधिक इतिहास का पता लगाना सरल हो जाएगा। इससे अपराध की जांच और अपराधियों की गिरफ्तारी की प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है।

STF मुख्यालय में बनाया गया कंट्रोल रूम

यक्ष ऐप का कंट्रोल रूम उत्तर प्रदेश एसटीएफ के मुख्यालय में स्थापित किया गया है। माना जा रहा है कि यह ऐप डिजिटल क्राइम पर रोक लगाने और अपराधियों की धरपकड़ में यूपी पुलिस के लिए एक प्रभावी हथियार साबित होगा।

अपराध नियंत्रण को लेकर सरकार पहले भी कई अहम कदम उठा चुकी है। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में पुलिसिंग के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल को मंजूरी दी थी। इसके तहत सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।

डिजिटल पुलिसिंग की दिशा में बड़ा कदम

यक्ष ऐप को उत्तर प्रदेश में डिजिटल पुलिसिंग की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। सरकार और पुलिस प्रशासन का मानना है कि इस तकनीकी पहल से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण होगा और कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा।

 

Also Read: Arjun Erigaisi: 14 साल में ग्रैंडमास्टर बनने वाले अर्जुन इरीगाइसी को PM मोदी का सलाम, दोहा में रचा इतिहास

Get real time updates directly on you device, subscribe now.