Sitapur News: 22 दिन पहले हुई थी शादी, अब एक ही चिता पर पंचतत्व में विलीन हुआ प्रेमी जोड़ा
लहरपुर (सीतापुर): जनपद के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बस्ती पुरवा में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। प्रेम विवाह के मात्र 22 दिन बाद एक नवविवाहित जोड़े ने संदिग्ध परिस्थितियों में इमली के पेड़ से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सोमवार को गमगीन माहौल में दोनों का अंतिम संस्कार एक ही चिता पर किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार खुशीराम (22) और मोहिनी (20) का शादी के ठीक 22 दिन बाद, रविवार को स्थानीय विकासखंड के ग्राम अनिया कलां (थाना हरगांव) में महामाई मंदिर के पास एक ही रस्सी के सहारे इमली के पेड़ से दोनों के शव लटके मिले। बीते 6 दिसंबर को दोनों का प्रेम विवाह हुआ था।

एक ही अर्थी, एक ही चिता
सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद जब दोनों के शव गांव पहुंचे, तो पूरे इलाके में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक युगल को एक ही अर्थी पर लिटाकर श्मशान घाट ले जाया गया। खुशीराम के बड़े भाई धर्मेंद्र ने दोनों का अंतिम संस्कार एक ही चिता पर किया। इस दौरान गांव का हर शख्स भावुक नजर आया।
मौत की गुत्थी अब भी अनसुलझी
मृतक के बड़े भाई धर्मेंद्र के अनुसार, परिवार में किसी भी तरह का कोई विवाद या तनाव नहीं था। शनिवार रात दोनों खाना खाकर अपने कमरे में सोने गए थे, लेकिन सुबह उनके आत्मघाती कदम की खबर मिली। आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह ने कहा कि इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई आरोप-प्रत्यारोप नहीं लगाया गया है। पुलिस की मौजूदगी और दोनों परिवारों की सहमति से शांतिपूर्ण ढंग से अंतिम संस्कार संपन्न करा दिया गया है।
रिपोर्ट: संदीप श्रीवास्तव
Also Read: महिला सम्मान पर संग्राम: लखनऊ में समाजवादी महिला सभा का कलेक्ट्रेट पर ‘हल्ला बोल’

