गुजरात: रंगदारी मामले में AAP यूथ विंग के जनरल सेक्रेटरी गिरफ्तार, वसूली का आरोप

Sandesh Wahak Digital Desk: गुजरात में आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका लगा है। सूरत पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने जबरन वसूली (Extortion) के मामले में पार्टी की यूथ विंग के प्रदेश महामंत्री श्रवण जोशी और उनके साथी संपत चौधरी को गिरफ्तार किया है। इन पर सरकारी राशन दुकान के मालिकों को धमकाकर लाखों रुपये की उगाही करने का गंभीर आरोप है।

घटना का विवरण और पुलिस कार्रवाई

सूरत के लिंबायत इलाके में स्थित सरकारी अनाज की दुकान के मालिक निलेश मोरे ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 13 अक्टूबर को श्रवण जोशी और उनके साथी दुकान पर आए। उन्होंने कालाबाजारी और ग्राहकों को कम अनाज देने का आरोप लगाते हुए मोबाइल से वीडियो बनाया। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने और दुकान का लाइसेंस रद्द करवाने की धमकी देकर ₹1,00,000 (एक लाख रुपये) की फिरौती मांगी।

जब दुकानदार ने आरोपी श्रवण जोशी को पैसे दिए, तब उसने चतुराई से इस पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब पुलिस के पास अहम सबूत के रूप में मौजूद है। सूरत एसओजी के डीसीपी राजवीर सिंह नकुम ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रंगदारी का मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया है और गहन पूछताछ जारी है।

राजनीतिक प्रतिक्रिया

आम आदमी पार्टी के सूरत शहर अध्यक्ष धर्मेश भंडेरी ने इस गिरफ्तारी को राजनीति से प्रेरित बताया है। उन्होंने कहा कि श्रवण जोशी सरकारी राशन व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार की पोल खोल रहे थे, इसलिए उन्हें झूठे मामले में फंसाकर चुप कराने की कोशिश की जा रही है।

Also Read: संभल में कब्रिस्तान की जमीन पर पैमाइश शुरू, 2005 से जमे अवैध मकानों और दुकानों पर चल सकता है बुलडोजर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.