लखनऊ में सनसनीखेज वारदात: लापता युवक की बेरहमी से हत्या, चेहरा कुचलकर नहर किनारे फेंका शव
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक युवक की नृशंस हत्या से सनसनी फैल गई। हत्यारों ने युवक का चेहरा भारी वस्तु से कुचलकर उसे पहचान छिपाने की नीयत से मऊ नहर के किनारे झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
मृतक की पहचान जेल रोड निवासी अलमास (पुत्र मोहम्मद) के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार अलमास सोमवार शाम करीब 7:30 बजे परिजनों से ‘खुजौली’ जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने मंगलवार को थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। रिपोर्ट दर्ज होने के मात्र 30 मिनट बाद पुलिस को मऊ नहर के पास एक अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली, जिसकी पहचान परिजनों ने अलमास के रूप में की।
हत्यारों ने पहचान मिटाने के उद्देश्य से अलमास के चेहरे और सिर पर किसी भारी वस्तु से ताबड़तोड़ वार किए थे, जिससे शव क्षत-विक्षत हो गया था।
पुलिस की कार्रवाई और जांच के बिंदु
वारदात की सूचना मिलते ही एडीसीपी (दक्षिणी जोन) बसंत कुमार, एसीपी और फॉरेंसिक टीमें मौके पर पहुंचीं। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस की शुरुआती जांच आपसी रंजिश की ओर इशारा कर रही है, हालांकि लूटपाट के एंगल से भी जांच की जा रही है। पुलिस मृतक के मोबाइल कॉल डिटेल्स (CDR) और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
एडीसीपी बसंत कुमार ने कहा कि शव राधपल्ली मऊ नहर के पास से बरामद हुआ है। सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें हैं। मामले के खुलासे के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और कुछ संदिग्धों से पूछताछ जारी है।
Also Read: कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट: सुरक्षा और यात्री सुविधाएं डीएम की प्राथमिकता, अधिकारियों को दिए निर्देश

