लखनऊ को मिलेगा ‘स्माइलिंग ब्रिज’, शासन ने दी मंजूरी, जानिए पूरी डिटेल

Sandesh Wahak Digital Desk: नवाबों के शहर लखनऊ की खूबसूरती में एक नया सितारा जुड़ने जा रहा है। गोमती नदी पर अहमदाबाद के ‘अटल ब्रिज’ की तर्ज पर एक शानदार पेडेस्ट्रियन (पैदल यात्री) ब्रिज के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। शासन ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर मुहर लगाते हुए बजट जारी कर दिया है। यह ब्रिज न केवल यातायात को सुगम बनाएगा, बल्कि पर्यटन का नया केंद्र भी बनेगा।

‘मुस्कुराइए कि आप लखनऊ में हैं’ की थीम पर डिजाइन

यह ब्रिज पूरी तरह से लखनऊ की प्रसिद्ध टैगलाइन ‘स्माइलिंग थीम’ पर आधारित होगा। मुंबई के आरवैम्प स्टूडियो द्वारा तैयार किए गए डिजाइन को देश भर की 25 संस्थाओं के बीच से चुना गया है। यह ब्रिज एडीसीपी ऑफिस के पास रिवर फ्रंट के दोनों किनारों को जोड़ेगा। इससे नदी के दाहिने किनारे पर स्थित क्रिकेट स्टेडियम, किड्स प्ले एरिया, एम्फीथिएटर और फ्लोटिंग रेस्टोरेंट तक लोगों की पहुंच आसान हो जाएगी।

ब्रिज की खासियतें और लागत

एलडीए (LDA) उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने परियोजना के तकनीकी पहलुओं की जानकारी साझा की। मुख्य ब्रिज 180 मीटर लंबा और 12 मीटर चौड़ा होगा। रैम्प मिलाकर इसकी कुल लंबाई 380 मीटर होगी। परियोजना की कुल लागत लगभग 54 करोड़ रुपये है। शासन ने पहली किश्त के रूप में 18.90 करोड़ रुपये स्वीकृत कर दिए हैं। निर्माण कार्य 18 माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। ब्रिज पर खड़े होकर नदी का नजारा देखने के लिए विशेष स्पैन प्लेट गर्डर्स बनाए जाएंगे। रात के समय इसे स्ट्रीट लाइट्स, बोलार्ड और फ्लोर लाइट्स से जगमग किया जाएगा।

अत्याधुनिक निर्माण तकनीक

ब्रिज को मजबूती देने के लिए 13 पीयर्स (खंभे) बनाए जाएंगे। इसकी छत पर टेन्साइल स्ट्रक्चर का उपयोग होगा और सतह पर ग्रेनाइट व जीआरसी पैनल जैसे प्रीमियम मटेरियल का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे यह दिखने में बेहद आधुनिक और कलात्मक लगेगा।

 

Also Read: प्रो. जय प्रकाश सैनी बने लखनऊ विश्वविद्यालय के नए कुलपति; शैक्षणिक सुधारों को मिलेगी नई गति

Get real time updates directly on you device, subscribe now.